रानीखेत। क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान (आर.ए.आर.आई.), रानीखेत द्वारा केंद्रीय आयुर्वेदिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (सीसीआरएएस), आयुष मंत्रालय के अधीन 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6:30 बजे कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड से आयोजित राष्ट्रीय समारोह के लाइव प्रसारण, आयुष मंत्रालय के योग गीत तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायक संबोधन के साथ हुआ। इसके बाद प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) के तहत योगासन, प्राणायाम और ध्यान का सामूहिक अभ्यास किया।
संस्थान के प्रभारी सहायक निदेशक डॉ. वी.बी. कुमावत ने योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास स्वस्थ वृद्धावस्था, रोगों की रोकथाम और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्रतिदिन कम से कम पांच मिनट योग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समन्वयन नोडल अधिकारी डॉ. हरित कुमारी, अनुसंधान अधिकारी (आयु.) ने किया। योग प्रशिक्षक श्रीमती सुमन तिवारी ने 52 प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। प्रतिभागियों ने योग के माध्यम से मानसिक शांति, संतुलन और समग्र स्वास्थ्य का अनुभव प्राप्त किया।
कार्यक्रम का समापन योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा “स्वस्थ भारत, सशक्त भारत” के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। आयोजकों ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की एक संपूर्ण जीवनशैली है।

