द्वाराहाट क्षेत्र पंचायत की बैठक हंगामे की भेंट चढ़ी; सदन शुरू होने से पहले ही बहिष्कार के उठे स्वर

Share the News

द्वाराहाट क्षेत्र पंचायत बैठक हंगामे की भेंट, जल जीवन मिशन पर दो घंटे बहस; समाधान शून्य

रिपोर्ट: बलवन्त सिंह रावत

रानीखेत। विकासखण्ड द्वाराहाट के खण्ड विकास कार्यालय में आयोजित क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की पूर्व निर्धारित बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। बैठक शुरू होने से पहले ही जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर जनप्रतिनिधियों ने कड़ा विरोध जताया और सदन का बहिष्कार कर बाहर निकल गए।

कुछ देर बाद अल्मोड़ा की एडीएम बैठक स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि वे फिलहाल वीडियो कॉन्फ्रेंस (वीसी) में व्यस्त हैं और उसके बाद बैठक में प्रतिभाग करेंगी। इतना सुनते ही जनप्रतिनिधि फिर आक्रोशित हो गए और सदन में दोबारा हंगामा शुरू हो गया। काफी देर तक चले विरोध के बाद किसी तरह बैठक की कार्यवाही शुरू हो सकी।

जल जीवन मिशन पर लंबी बहस, नतीजा शून्य

पूरे सदन में करीब दो घंटे तक जल जीवन मिशन के मुद्दे पर चर्चा होती रही, लेकिन किसी भी समस्या का ठोस समाधान नहीं निकल पाया। जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि संबंधित विभागीय अधिकारियों ने गंभीरता नहीं दिखाई और मुद्दों पर स्पष्ट जवाब देने से बचते रहे।

गवाँड़ की ग्राम प्रधान सपना ने लोक निर्माण विभाग रानीखेत के अधिकारियों से कटी हुई सड़क के अलाइनमेंट में बदलाव का आधार और लिखित आदेश सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया तो ग्रामीण आंदोलन को बाध्य होंगे।

वहीं नैनी रियूनी की ग्राम प्रधान हेमा देवी ने स्वास्थ्य विभाग से ग्राम सभा स्तर पर महिलाओं से संबंधित बीमारियों के समाधान हेतु स्वास्थ्य शिविर लगाने की मांग रखी। बावजूद इसके, बैठक में मौजूद किसी भी अधिकारी ने समस्याओं पर विशेष संज्ञान नहीं लिया।

पूर्व व वर्तमान ब्लॉक प्रमुख के बीच तीखी नोकझोंक

बैठक के दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख ममता भट्ट और वर्तमान ब्लॉक प्रमुख डॉ. आरती किरौला के बीच भी तीखी बहस हो गई, जिससे सदन का माहौल और अधिक गर्म हो गया।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सुनील कुमार राज, तहसीलदार तितीक्षा जोशी, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, लेकिन जनप्रतिनिधियों का आरोप रहा कि बैठक में ठोस निर्णय न होने से जनता की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

See also  38वें राष्ट्रीय खेल के समापन के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस की रहेगी पैनी नजर, सघन चैकिंग अभियान जारी
error: Content is protected !!