हल्द्वानी में धामी सरकार के 4 साल के कार्यक्रम से पहले सियासत तेज, सुमित हृदयेश ने उठाए सवाल

Share the News

हल्द्वानी। पुष्कर सिंह धामी सरकार के चार साल पूरे होने पर प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सियासत गरमा गई है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दौरे से पहले कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने सरकार और प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े किए हैं।

दरअसल, धामी सरकार के चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में हल्द्वानी में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की तैयारी है। प्रशासनिक स्तर पर कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हैं और बड़ी भीड़ जुटने का दावा किया जा रहा है।

हालांकि, कार्यक्रम से पहले ही राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। सुमित हृदयेश ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को लगाया जा रहा है, जबकि सरकार के चार साल पूरे होने पर स्वाभाविक रूप से कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस बार वैसा माहौल नजर नहीं आ रहा है, जिससे यह संकेत मिलता है कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक मशीनरी का सहारा लिया जा रहा है।

इसके साथ ही उन्होंने शहर के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार को घेरा। खासतौर पर हल्द्वानी के प्रस्तावित आईएसबीटी और चिड़ियाघर (जू) परियोजनाओं को लेकर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अब तक इन पर कोई ठोस प्रगति नहीं दिखी, जबकि पहले बड़े दावे किए गए थे।

मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी उन्होंने टिप्पणी की। हालांकि इसे बीजेपी का आंतरिक मामला बताते हुए उन्होंने तंज कसा कि वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी हुई है और अब नए चेहरों के सामने कम समय में खुद को साबित करने की चुनौती होगी।

कुल मिलाकर, कार्यक्रम से पहले ही राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।

See also  आपदा प्रबंधन को लेकर तहसील रानीखेत में संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन
error: Content is protected !!