नैनीताल। रामनगर क्षेत्र में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत को लेकर लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। रामनगर स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए और जमकर हंगामा किया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा और बार-बार खाली हाथ लौटाया जा रहा है। इस दौरान एक करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की पीड़ा ने सभी का ध्यान खींचा। प्लाईवुड फैक्ट्री में मजदूरी करने वाली यह महिला पिछले एक सप्ताह से लगातार एजेंसी के चक्कर काट रही है, लेकिन उसे अब तक सिलेंडर नहीं मिल पाया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ इलाकों में तो पिछले एक महीने से गैस सप्लाई बाधित है, जिससे घरेलू कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लोगों का आरोप है कि एजेंसी कर्मचारी अंदर से दरवाजा बंद कर बैठे रहे और किसी से बातचीत तक नहीं की, जिससे गुस्सा और बढ़ गया।
रामनगर के विभिन्न क्षेत्रों में हालात और भी गंभीर बताए जा रहे हैं, जहां होम डिलीवरी वाले इलाकों में लोग खाली सिलेंडर लेकर लंबी कतारों में खड़े हैं, फिर भी समय पर गैस नहीं मिल पा रही है।
हंगामे के दौरान लोगों ने जिला प्रशासन पर भी सवाल उठाए और गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि प्रशासन पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने में विफल रहा है, जबकि पहले कमी न होने देने के दावे किए गए थे।
वहीं, प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा गैस की कमी न होने देने का आश्वासन भी जमीनी स्तर पर फेल होता नजर आ रहा है। कई घंटों तक चले इस विरोध प्रदर्शन ने प्रशासन की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोग अब जल्द से जल्द गैस संकट के समाधान की मांग कर रहे हैं।

