उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज: बारिश-ओलावृष्टि से गर्मी से राहत, ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश व बर्फबारी के आसार

Share the News

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है, जिससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। बारिश और ओलावृष्टि के बाद जहां दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं रातें भी सामान्य दिनों के मुकाबले ठंडी हो गई हैं।

मौसम विभाग ने 2 मई को प्रदेश के आठ जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय जिलों में शनिवार को भी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।

गुरुवार से बदले मौसम के चलते तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। देहरादून में तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, जबकि नई टिहरी में 6 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। ओलावृष्टि के कारण तापमान में यह कमी देखने को मिली है।

शुक्रवार को देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर धूप और बादलों के बीच आंख-मिचौली चलती रही। शाम के समय चली ठंडी हवाओं ने मौसम को और सुहावना बना दिया। देहरादून का न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम है।

मसूरी में भी सुबह से ही मौसम बदला-बदला नजर आया। दिनभर बादल और धूप के बीच लुका-छिपी चलती रही, जबकि शाम को सर्द हवाओं ने ठंड बढ़ा दी। वीकेंड के चलते बदले मौसम का आनंद लेने के लिए मसूरी में सैलानियों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ पड़ी।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, देहरादून समेत पहाड़ी जिलों में आज भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं मैदानी इलाकों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।

See also  चौपाटी काठगोदाम में हंगामा: ज्योति अधिकारी, पति और साथियों के खिलाफ FIR
error: Content is protected !!