धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था पर विवाद: गंगा घाट पर महिला द्वारा कुत्ते को नहलाने को लेकर हंगामा

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने आस्था और परंपराओं को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

मामला सर्वानंद घाट का बताया जा रहा है, जहां एक महिला अपने पालतू कुत्ते को गंगा नदी में नहलाती नजर आ रही है।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि घाट पर मौजूद श्रद्धालु और पंडित महिला को ऐसा करने से रोकते हैं और गंगा की धार्मिक मर्यादा का हवाला देते हैं। बावजूद इसके महिला उनकी बातों को नजरअंदाज करते हुए कुत्ते को स्नान कराती रहती है। इस दौरान वहां मौजूद लोगों और महिला के बीच तीखी बहस भी हो जाती है।

घाट पर मौजूद एक पुरोहित ने आपत्ति जताते हुए कहा कि गंगा हिंदू धर्म में अत्यंत पवित्र मानी जाती है और यहां इस तरह की गतिविधियां धार्मिक भावनाओं को आहत कर सकती हैं। हालांकि, महिला अपनी जिद पर अड़ी रहती है। वीडियो में एक युवक, जो महिला के साथ नजर आ रहा है, उसे बहस करने से रोकने की कोशिश करता दिखता है।

इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे धार्मिक आस्था के खिलाफ बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता का मामला मान रहे हैं।

फिलहाल, यह वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है और एक बार फिर सवाल खड़ा कर रहा है कि धार्मिक स्थलों पर आचरण की मर्यादा और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के बीच संतुलन कैसे बनाया जाए।

See also  हल्द्वानी : मेयर प्रत्याशी भुवन पांडेय पहाड़ी हिन्दू के समर्थन में आए दर्जनों संगठन
error: Content is protected !!