अल्मोड़ा : सल्ट में आदमखोर तेंदुए को मारने के आदेश, वन मंत्री सुबोध उनियाल ने दिए निर्देश

Share the News

देहरादून। सल्ट विधानसभा क्षेत्र के तड़म (बरड) गांव में तेंदुए के हमले से हुई दर्दनाक घटना के बाद सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। क्षेत्रीय विधायक महेश जीना की पहल पर वन मंत्री सुबोध उनियाल ने आदमखोर तेंदुए को मारने के निर्देश जारी किए हैं।

विधायक महेश जीना ने देहरादून स्थित यमुना कॉलोनी में मंत्री से मुलाकात कर तेंदुए के हमले में हुई जनहानि और क्षेत्र में फैले भय का विस्तृत विवरण दिया। उन्होंने ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए तेंदुए को तत्काल मारने की अनुमति देने की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वन मंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तेंदुए को ‘आदमखोर’ घोषित कर आवश्यक कार्रवाई और अनुमति जल्द जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही, क्षेत्र में वन विभाग की गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

वन मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार स्थानीय निवासियों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

विधायक महेश जीना ने इस त्वरित निर्णय के लिए मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी और जल्द ही वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने या मारने की कार्रवाई कर ग्रामीणों को इस खौफ से निजात दिलाएगी।

See also  दुःखद : ट्रेन की चपेट में आने से युवक के दोनों पैर कट कर हुए अलग
error: Content is protected !!