रानीखेत। कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस कमेटी रानीखेत ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि गैस सिलेंडर के दामों में लगातार वृद्धि से छोटे दुकानदारों, होटल-ढाबा संचालकों और अन्य व्यापारियों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे व्यापारियों के लिए व्यवसाय चलाना कठिन होता जा रहा है, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है।
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह आम व्यापारियों और मध्यम वर्ग की समस्याओं के प्रति संवेदनहीन हो गई है। सरकार की नीतियों के कारण लागत बढ़ती जा रही है, जबकि आमदनी में कोई वृद्धि नहीं हो रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट ने की। महिला जिलाध्यक्ष गीता पवार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही गैस के दाम कम नहीं किए गए, तो महिला कांग्रेस सड़क से संसद तक आंदोलन तेज करेगी।
इस दौरान महिला नगर अध्यक्ष नेहा माहरा, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, कार्यालय प्रबंधक रमेश पंत, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, प्रमोद पाल, दीप उपाध्याय, सुरेन्द्र पवार, प्रदीप रावत, महिपाल सिंह मेहरा, जीतन जयाल, रुद्र माहरा, मनोज कोरंगा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुट होकर मूल्य वृद्धि का विरोध किया।

