रानीखेत। क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिरने से जनजीवन प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रानीखेत की टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरे पेड़ों को हटाकर हालात सामान्य किए।
पहली घटना शीतलाखेत क्षेत्र के चामु इंटर कॉलेज, सुरी गांव में सामने आई, जहां तेज हवाओं के कारण चीड़ के पेड़ स्कूल परिसर के ऊपर गिर गए। फायर सर्विस यूनिट ने मौके पर पहुंचकर उड़न कटर की मदद से करीब 8 चीड़ के पेड़ों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर हटाया। इस घटना में स्कूल को आंशिक नुकसान पहुंचा, हालांकि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
वहीं दूसरी घटना कलिका दलमोटी मार्ग पर हुई, जहां सड़क पर दो पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था। फायर यूनिट ने तत्परता दिखाते हुए वुडन कटर की सहायता से पेड़ों को काटकर सड़क से हटाया और यातायात को पुनः सुचारु किया।
फायर विभाग की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया गया और क्षेत्र में जनजीवन जल्द ही सामान्य हो सका। स्थानीय लोगों ने फायर यूनिट के कार्य की सराहना की है।

