अल्मोड़ा : द्वाराहाट में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक: शैक्षिक गुणवत्ता, बोर्ड परिणाम और छात्र हित योजनाओं पर फोकस

Oplus_16908288

Share the News

खंड शिक्षा अधिकारी द्वाराहाट द्वारा प्रधानाचार्यो की समीक्षा बैठक सम्पन्न, शिक्षा गुणवत्ता, व्यवस्थाओं एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर

द्वाराहाट। खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज द्वाराहाट के सभागार में विकासखंड के अंतर्गत संचालित सभी राजकीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और छात्र हितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना रहा।

बैठक में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा परिणामों की विस्तृत समीक्षा की गई। शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले विद्यालयों की सराहना करते हुए अन्य विद्यालयों को परिणाम सुधार के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों के नियमित मूल्यांकन, अतिरिक्त कक्षाओं और कमजोर छात्रों के लिए विशेष शिक्षण व्यवस्था पर जोर दिया गया।

वर्तमान मौसम को देखते हुए हीट वेव से बचाव के लिए विद्यालयों में पेयजल, प्राथमिक उपचार, वेंटिलेशन और समयानुसार संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वनाग्नि की घटनाओं के मद्देनजर जनजागरूकता अभियान चलाने और आपदा प्रबंधन से समन्वय बनाए रखने पर बल दिया गया।

आगामी 7 मई को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल आयोजन हेतु तैयारियां सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों के चयन और आवेदन प्रक्रिया को समयबद्ध करने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

बैठक में मिशन कोशिश और मिशन कर्मयोगी कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए नवाचार आधारित शिक्षण, अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया गया। साथ ही पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता, नामांकन अभियान, ड्रॉपआउट छात्रों की वापसी, पीएम पोषण योजना के संचालन, प्रयोगशालाओं व पुस्तकालयों के उपयोग और लंबित देयकों के निस्तारण जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।

See also  हल्द्वानी : निकाय चुनाव के मद्देनजर शहर का यातायात रहेगा डायवर्ट
error: Content is protected !!