रानीखेत। प्राकृतिक सौंदर्य से घिरे अल्मोड़ा जनपद के रानीखेत क्लब में शुक्रवार को प्रतिष्ठित कुमाऊं स्तरीय टेनिस टीम चैम्पियनशिप 2026 का शुभारंभ हो गया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन ब्रिगेडियर संजय कुमार, ब्रिगेडियर केआरसी ने किया। इस अवसर पर रानीखेत की एसडीएम (आईएएस) श्रीमती गौरी प्रभात एवं केपीसीएल के निदेशक श्री कश्मीरी लाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में नैनीताल की दो, रानीखेत की दो तथा रूद्रपुर, हल्द्वानी, रामनगर और चूनाखान की एक-एक टीम हिस्सा ले रही है। टूर्नामेंट डायरेक्टर सुमित गोयल ने बताया कि सभी खिलाड़ी रानीखेत पहुंच चुके हैं और आयोजन की सभी व्यवस्थाएं पूर्व में ही पूरी कर ली गई थीं।
प्रतियोगिता सचिव अरविंद साह और गौरव पांडेय ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि पहले दिन खेले गए मुकाबलों में रानीखेत गुलदार ने नैनी पीक्स रेड पर 2-0 की बढ़त बनाई।
वहीं रानीखेत गुलदार वन ने नैनीताल ब्लू को लगातार दो मैचों में हराकर बढ़त हासिल की। हल्द्वानी चैलेंजर्स ने चूनाखान टीम को 2-1 से पराजित किया। रूद्रपुर हिमालयंस और रामनगर टाइगर्स के बीच मुकाबला 1-1 की बराबरी पर रहा। बारिश के कारण निर्णायक मैच देर रात फ्लडलाइट में खेले जाने की घोषणा की गई।
इस अवसर पर उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन देहरादून के वाइस प्रेसिडेंट देवेन्द्र सिंह रावत, ज्वाइंट सेक्रेटरी हेम कुमार पांडेय, एग्जीक्यूटिव मेंबर अमर जगाती, बीएमएस बिष्ट, सेवानिवृत्त शाखा प्रबंधक एसबीआई तथा एसडी सती सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता आगामी तीन दिनों तक जारी रहेगी।

