अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय ने रचा नया इतिहास — पहली बार दूरबीन विधि से एपेंडिक्स का सफल ऑपरेशन

Share the News

अल्मोड़ा जिला अस्पताल में पहली बार दूरबीन विधि से एपेंडिक्स ऑपरेशन सफल, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की ओर बड़ा कदम

अल्मोड़ा। पंडित हरगोविंद पंत जिला चिकित्सालय ने आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार लेप्रोस्कोपिक अपेंडेक्टॉमी (दूरबीन विधि से एपेंडिक्स का ऑपरेशन) सफलतापूर्वक संपन्न किया है। यह ऑपरेशन जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ जनरल सर्जन डॉ. अमित सुकोटी एवं उनकी टीम द्वारा सफलतापूर्वक किया गया।

मरीज शुभम पाण्डे (22 वर्ष) पिछले लगभग तीन महीनों से असहनीय पेट दर्द से पीड़ित थे। आधुनिक लेप्रोस्कोपिक तकनीक से सफल ऑपरेशन के बाद मरीज को मात्र एक दिन में स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मरीज एवं उनके परिजनों ने चिकित्सकों और पूरी मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया।

इस सफलता के केंद्र में रहे डॉ. अमित सुकोटी को क्षेत्र के अत्यंत कुशल एवं आधुनिक तकनीकों में पारंगत सर्जनों में माना जाता है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने जिस दक्षता और आत्मविश्वास के साथ इस जटिल ऑपरेशन को अंजाम दिया, वह जिला चिकित्सालय के लिए गर्व का विषय बन गया है।

विशेष बात यह है कि डॉ. अमित सुकोटी रोबोटिक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का भी अनुभव रखते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सरकार द्वारा जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा को आधुनिक उपकरण, प्रशिक्षित स्टाफ एवं तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, तो भविष्य में यहां रोबोटिक सर्जरी जैसी सुविधाएं भी शुरू हो सकती हैं। इससे कुमाऊं क्षेत्र के हजारों मरीजों को महानगरों की ओर जाने से राहत मिलेगी।

See also  डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण में सबसे आगे बैठे एस जयशंकर, यह तस्वीर नहीं भारत की धमक है
error: Content is protected !!