रानीखेत। आर्मी पब्लिक स्कूल द्वारा आयोजित सेंटर कमांड क्लस्टर-6 स्तर की अंडर-17 बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का सफल समापन हो गया। यह प्रतियोगिता 9 और 10 मई 2026 को केआरसी रानीखेत स्थित सोमनाथ ग्राउंड में आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में जनरल बी.सी. जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल पिथौरागढ़, आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत और आर्मी पब्लिक स्कूल हेमपुर की टीमों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का प्रदर्शन करते हुए रोमांचक मुकाबले खेले।
प्रतियोगिता का उद्घाटन 9 मई को विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलेश जोशी ने किया, जबकि समापन समारोह में केआरसी रानीखेत के लेफ्टिनेंट कर्नल गुरप्रीत सिंह मुख्य अतिथि रहे।
लीग मुकाबले 9 मई को प्रातः और सायंकाल तथा 10 मई को प्रातः आयोजित किए गए। कड़े मुकाबलों के बाद जनरल बी.सी. जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल पिथौरागढ़ की टीम विजेता बनी, जबकि आर्मी पब्लिक स्कूल हेमपुर ने उपविजेता का स्थान हासिल किया।
समापन अवसर पर प्रधानाचार्य कमलेश जोशी ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं।
इस दौरान विद्यालय के शारीरिक शिक्षक सेम स्मिथ और भूपेंद्र परिहार सहित शिक्षक हेम पंत, त्रिभुवन कांडपाल, बृजेश जोशी, देव सिंह बिष्ट, निभा सिंह, कमल पांडे तथा एनसीसी कैडेट मौजूद रहे।

