रानीखेत टेनिस टीम चैम्पियनशिप 2026 खेल का तीसरा दिन।
रिपोर्टर बलवंत सिंह रावत
रानीखेत। रानीखेत क्लब में आयोजित कुमाऊं स्तरीय टेनिस टीम चैम्पियनशिप 2026 में रोमांचक मुकाबलों के बीच रामनगर टाइगर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया, जबकि हल्द्वानी चैलेंजर्स उपविजेता रहे। प्रतियोगिता के दौरान कई मुकाबले बेहद कांटे के रहे और खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
शनिवार सायं फ्लडलाइट में खेले गए अंतिम टाई मुकाबले में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। रानीखेत गुलदार वन टीम के महिराज मेहरा एवं अशोक साह (राजा) ने हल्द्वानी चैलेंजर्स के देवेन्द्र सिंह बिष्ट व विकास पांडेय की जोड़ी को रोमांचक मुकाबले में 6-5 से हराया।
60+ आयुवर्ग के व्यक्तिगत डबल्स मुकाबलों में हरीश प्रसाद (हल्द्वानी) एवं अजय एलहेंस (नैनीताल) की जोड़ी ने देवेन्द्र सिंह रावत व राघवेन्द्र साह को 6-5 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में राजेंद्र सिंह मेहता और शंकर दत्त सती की जोड़ी ने प्रभात मेहरा व बीएमएस बिष्ट को 6-5 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
टीम चैम्पियनशिप के डू-ऑर-डाई मुकाबलों में हल्द्वानी के हेम कुमार पांडेय एवं रजत कुमार सती ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुमित गोयल और विनोद खुल्वे की जोड़ी को 6-2 से हराया। वहीं सहर्ष पांडेय और हिमांशु तिवारी ने गौरव पांडेय व अक्षय बिष्ट को 6-0 से शिकस्त देकर हल्द्वानी को फाइनल में पहुंचाया।
60+ डबल्स फाइनल में हरीश प्रसाद और अजय एलहेंस की जोड़ी ने एकतरफा मुकाबले में राजेंद्र सिंह मेहता व शंकर दत्त सती को 6-0 से हराकर खिताब जीत लिया।
टीम चैम्पियनशिप के फाइनल में रामनगर और हल्द्वानी के बीच मुकाबला खेला गया। पहले मैच में रामनगर टाइगर्स के मोहित सिंह राठौर और मानस तिवारी ने हेम कुमार पांडेय व ललित जोशी को 6-0 से हराया। दूसरे मुकाबले में नमित तिवारी और प्रखर तिवारी ने रजत कुमार सती व हिमांशु तिवारी को 6-4 से पराजित किया। हालांकि तीसरे मैच में हल्द्वानी के सहर्ष पांडेय और देवेन्द्र सिंह बिष्ट ने रामनगर को 6-1 से हराया, लेकिन कुल परिणाम 2-1 से रामनगर के पक्ष में रहा और टीम ने चैम्पियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल मोहन चंद्र भंडारी एवं विशिष्ट अतिथि रिटायर्ड प्रोफेसर अनिल जोशी ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए।
कार्यक्रम का संचालन टूर्नामेंट डायरेक्टर सुमित गोयल ने किया। इस अवसर पर उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन देहरादून के वाइस प्रेसिडेंट देवेन्द्र सिंह रावत, ज्वाइंट सेक्रेटरी हेम कुमार पांडेय, एग्जीक्यूटिव सदस्य अमर जगाती, बीएमएस बिष्ट, एसडी सती, राघवेन्द्र साह तथा पत्रकार मुकेश कौशिक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में टूर्नामेंट डायरेक्टर सुमित गोयल ने सभी अतिथियों एवं खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।

