मूसलाधार बारिश ने ढहाया बुजुर्ग महिला का आशियाना, ऐराडी गांव में अकेली रह रहीं खिमुली देवी के सामने रहने का संकट

लगातार बारिश से ग्राम ऐराडी में बुजुर्ग महिला का मकान क्षतिग्रस्त, आशुतोष शाही ने पहुंचकर बंधाया ढांस।

रिपोर्ट – बलवन्त सिंह रावत

रानीखेत/द्वाराहाट। क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब लोगों के लिए आफत बनती जा रही है। भारी बारिश के चलते विधानसभा द्वाराहाट के बग्वालीपोखर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ऐराडी में एक बुजुर्ग महिला का मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। मकान का एक हिस्सा ढह जाने के बाद घर अब रहने योग्य नहीं बचा है, जिससे अकेले रह रही बुजुर्ग महिला के सामने रहने और सुरक्षा का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम ऐराडी निवासी खिमुली देवी, पत्नी स्वर्गीय डूंगर सिंह, के मकान को लगातार हो रही बारिश से भारी नुकसान पहुंचा है। बारिश के कारण मकान का हिस्सा ढह गया, जिससे भवन की स्थिति बेहद जर्जर और असुरक्षित हो गई है। खिमुली देवी गांव में अकेली रहती हैं, ऐसे में उनका आशियाना क्षतिग्रस्त होने से उनके सामने सुरक्षित ठिकाने की बड़ी समस्या उत्पन्न हो गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी आशुतोष शाही तत्काल ग्राम ऐराडी पहुंचे और प्रभावित मकान का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित बुजुर्ग महिला से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने खिमुली देवी को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि दुख और आपदा की इस घड़ी में वे उनके साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।

आशुतोष शाही ने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित बुजुर्ग महिला को तत्काल आपदा राहत के तहत उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही मकान की वर्तमान स्थिति को देखते हुए उनके लिए सुरक्षित स्थान पर रहने की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

ग्रामीणों ने भी इस आपदा की घड़ी में पीड़ित महिला के घर पहुंचकर उनका हालचाल जानने और उन्हें सहयोग का भरोसा दिलाने पर समाजसेवी आशुतोष शाही का आभार जताया। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश से क्षेत्र के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित है और प्रशासन को आपदा प्रभावित परिवारों तक शीघ्र राहत पहुंचाने के लिए तत्परता से कार्रवाई करनी चाहिए।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खिमुली देवी के क्षतिग्रस्त मकान का जल्द सर्वे कराकर उन्हें नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाए और सुरक्षित आवास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

See also  अभद्र गीतों पर बवाल: खष्टी बिष्ट ने आयोजकों और सरकार की चुप्पी पर उठाए सवाल
error: Content is protected !!