रानीखेत PG कॉलेज में छात्र संघ चुनाव का बिगुल: अध्यक्ष पद पर जितेश व विनीत के बीच टक्कर, 13 प्रत्याशियों ने भरा नामांकन।
रिपोर्ट — बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। स्व. श्री जयदत्त वैला राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में सत्र 2026-27 के छात्रसंघ चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई।
विभिन्न पदों के लिए कुल 13 छात्र-छात्राओं ने नामांकन पत्र दाखिल कर अपनी दावेदारी पेश की है। नामांकन के बाद अब महाविद्यालय परिसर में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं और प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर छात्र-छात्राओं से संपर्क करने में जुट गए हैं।
छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर जितेश नेगी और विनीत सिंह कुवार्बी के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। दोनों प्रत्याशियों ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया है, जिससे इस पद का चुनाव विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वहीं उपाध्यक्ष छात्र पद के लिए कार्तिकेय सती ने नामांकन दाखिल किया है। उपाध्यक्ष छात्रा पद पर अनीषा बिष्ट और रश्मि कांडपाल आमने-सामने हैं। सचिव पद पर हर्षिता फर्त्याल ने एकल नामांकन दाखिल किया है।
इसके अलावा कोषाध्यक्ष पद के लिए बबली आर्या और रंजना नगरकोटी ने नामांकन किया है। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद पर भूमिका आर्या और ललिता चौधरी ने अपनी दावेदारी पेश की है। संयुक्त सचिव पद पर अंजलि, सांस्कृतिक सचिव पद पर नम्रता पाण्डेय तथा वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद पर नेहा ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार नामांकन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति सामने नहीं आई और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव प्रक्रिया विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कराई जाएगी।
अब नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 25 सितंबर 2026 को वैध प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। इसके बाद प्रत्याशियों के बीच चुनाव प्रचार का दौर तेज होने की संभावना है। महाविद्यालय में 29 सितंबर 2026 को मतदान एवं चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
चुनाव को लेकर महाविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं के बीच भी उत्साह देखा जा रहा है। अध्यक्ष समेत विभिन्न पदों पर मैदान में उतरे प्रत्याशी अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए छात्र-छात्राओं से संपर्क कर रहे हैं। अंतिम प्रत्याशी सूची जारी होने के बाद चुनावी तस्वीर और अधिक स्पष्ट हो जाएगी।


