रानीखेत अस्पताल में NICU उद्घाटन पर गरजे करन माहरा, बोले- फीता काटने की राजनीति कर रही सरकार

Share the News

पूर्व अध्यक्ष करन माहरा ने राजकीय चिकित्सालय रानीखेत में NICU कक्ष के उद्घाटन को लेकर सरकार और स्थानीय विधायक पर तीखा हमला बोला। 

रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। पूर्व अध्यक्ष करन माहरा ने राजकीय चिकित्सालय रानीखेत में 13 मई को हुए NICU कक्ष के उद्घाटन को लेकर सरकार और स्थानीय विधायक पर तीखा हमला बोला है। अस्पताल पहुंचे पूर्व विधायक करन माहरा ने कहा कि जिस NICU का उद्घाटन बड़े स्तर पर किया गया, उसकी मशीनें कई वर्ष पहले ही अस्पताल में उपलब्ध हो चुकी थीं, लेकिन कक्ष के अभाव में वे लंबे समय तक बंद पड़ी रहीं।

अब उन्हीं मशीनों को पूर्व में बने कक्ष में स्थापित कर जल्दबाजी में उद्घाटन कर जनता के सामने उपलब्धि बताने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार और वर्तमान विधायक द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर किए गए दावे पूरी तरह खोखले साबित हुए हैं। माहरा ने बताया कि उनके विधायक कार्यकाल में अस्पताल को हाईटेक एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन साढ़े चार वर्षों बाद भी उसमें आवश्यक टेक्निशियन की नियुक्ति नहीं हो पाई, जिससे मरीजों को उसका पूरा लाभ नहीं मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में भिकियासैंण में 50 लाख रुपये की लागत से ऑक्सीजन प्लांट स्थापित कराया गया था, लेकिन बेहद अफसोस की बात है कि 4.5 वर्ष बाद भी वह निष्क्रिय पड़ा हुआ है।

करन माहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश में चार ट्रॉमा सेंटर की घोषणा की गई थी, लेकिन रानीखेत अस्पताल आज तक ट्रॉमा सेंटर के रूप में विकसित नहीं हो पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक केवल फीता काटने और घोषणाओं की राजनीति कर रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं बदहाल बनी हुई हैं।

उन्होंने कहा कि पर्यटक नगरी Ranikhet सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी आबादी इस अस्पताल पर निर्भर है, लेकिन संसाधनों और व्यवस्थाओं के अभाव में मरीजों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने सरकार से अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने तथा घोषणाओं को धरातल पर उतारने की मांग की है।

See also  अल्मोड़ा : चहुमुखी विकास को लक्ष्य बनाएं नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि : रेखा आर्या
error: Content is protected !!