रानीखेत में एसएसबी मुख्यालय पहुंचे ओडिशा के छात्र, जवानों के अनुशासन और देशभक्ति से हुए प्रेरित

Share the News

रानीखेत। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) सीमांत मुख्यालय रानीखेत में ओडिशा के प्रतिष्ठित ‘साईं इंटरनेशनल रेजिडेंशियल स्कूल’ (SIRS), कटक के छात्रों एवं शिक्षकों के एक विशेष प्रतिनिधिमंडल ने भ्रमण किया।

‘एजुकेशनल लीडरशिप ट्रिप 2026’ के तहत पहुंचे इस दल में 30 छात्र और 3 शिक्षक शामिल थे।

एसएसबी मुख्यालय पहुंचने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस शैक्षणिक दौरे का उद्देश्य युवाओं को एसएसबी की कार्यप्रणाली, जवानों की जीवनशैली और राष्ट्र सुरक्षा में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका से परिचित कराना था।

दौरे के दौरान छात्रों को एसएसबी के गौरवशाली इतिहास, सीमा सुरक्षा में निभाई जा रही जिम्मेदारियों तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में संचालित जनकल्याणकारी कार्यों, प्रशिक्षण एवं प्रचालन संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और अधिकारियों व जवानों से संवाद भी किया।

जवानों के अनुशासन, कठिन परिश्रम और देशभक्ति की भावना को देखकर छात्र बेहद प्रभावित नजर आए। स्कूल के शिक्षक श्री प्रदीप कर के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने एसएसबी प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दौरा छात्रों के लिए प्रेरणादायक और यादगार अनुभव साबित हुआ।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों के समर्पण और सेवा भावना को करीब से देखने के बाद छात्रों को राष्ट्र सेवा, अनुशासन और नेतृत्व के महत्व को समझने का अवसर मिला है।

इस अवसर पर एसएसबी अधिकारियों ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अनुशासित जीवन अपनाकर देश निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

See also  हल्द्वानी : मुख्यमंत्री धामी का आज शहर में रोड शो एवं जनसम्पर्क, यातायात रहेगा डाइवर्ट, यातायात प्लान देखकर ही निकलें
error: Content is protected !!