सशस्त्र सीमा बल से निरीक्षक गंगा सिंह को भावभीनी विदाई

Share the News

37 वर्ष की गौरवशाली सेवा के बाद SSB के निरीक्षक गंगा सिंह सेवानिवृत्त, महानिरीक्षक ने प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित

रिपोर्टर बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत। सशस्त्र सीमा बल (SSB) सीमांत मुख्यालय रानीखेत में तैनात निरीक्षक (मंत्रालयक) गंगा सिंह 37 वर्ष, 10 माह और 6 दिन की बेदाग एवं गौरवशाली सेवा पूर्ण करने के बाद मंगलवार, 30 जून 2026 को सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में सीमांत मुख्यालय में भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया।

मूल रूप से जनपद चमोली (उत्तराखंड) के निवासी गंगा सिंह ने वर्ष 1988 में आरक्षी (सामान्य) के रूप में SSB में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। अपनी मेहनत, कार्यकुशलता और समर्पण के बल पर उन्होंने निरीक्षक (मंत्रालयक) पद तक का सफर तय किया तथा संगठन में उत्कृष्ट कार्यशैली की मिसाल कायम की।

अपने तीन दशक से अधिक लंबे सेवा काल में उन्होंने देश के विभिन्न दूरस्थ एवं चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में कार्य करते हुए कार्यालयों और प्रशिक्षण संस्थानों की स्थापना सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें उत्कृष्ट सेवा मेडल, अति-उत्कृष्ट सेवा मेडल, डीजी रजत डिस्क तथा 48 से अधिक नकद पुरस्कारों सहित अनेक सम्मान प्राप्त हुए।

गंगा सिंह अपने सहयोगियों और अधीनस्थ कर्मचारियों के लिए एक कुशल अधिकारी, मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत के रूप में जाने जाते रहे। उनकी इस सफल सेवा यात्रा में उनकी धर्मपत्नी श्रीमती आशा देवी तथा उनके दोनों बेटों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

सेवानिवृत्ति के अवसर पर सीमांत रानीखेत के महानिरीक्षक श्री अमित कुमार ने गंगा सिंह को महानिदेशक का प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर उन्होंने गंगा सिंह की दीर्घकालीन, समर्पित एवं अनुकरणीय सेवाओं की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

See also  रानीखेत : सशस्त्र सीमा बल मुख्यालय में कार्मिकों का विदाई समारोह आयोजित
error: Content is protected !!