संगठनात्मक जिला रानीखेत में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 प्रशिक्षण के अंतर्गत दो दिवसीय “जिला प्रशिक्षण वर्ग” का शुभारंभ।
रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के अंतर्गत रानीखेत जिले का दो दिवसीय “जिला प्रशिक्षण वर्ग” चिलियानौला स्थित बाय बैरी रिसोर्ट में शुरू हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक प्रमोद नैनवाल, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी एवं रानीखेत जिले के प्रभारी प्रदीप जनौटी तथा भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के शुभारंभ के बाद अतिथियों ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। प्रशिक्षण वर्ग में संगठन की विचारधारा, सेवा भाव, अनुशासन तथा राष्ट्र निर्माण में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की जा रही है। शिविर के माध्यम से कार्यकर्ताओं में उत्साह, समर्पण और संगठन के प्रति विश्वास को और मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है।
भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा ने बताया कि दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में कुल 12 सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 12 अलग-अलग वक्ता कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। प्रथम दिवस में 7 सत्र और दूसरे दिन 5 सत्र आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि उद्घाटन सत्र में सुरेश भट्ट का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जबकि दूसरे दिन वरिष्ठ भाजपा नेता ज्योति प्रसाद गैरोला एवं समापन सत्र में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से संगठन को और गति देने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करने का कार्य किया जा रहा है। कार्यकर्ता पूरे उत्साह और मनोयोग से प्रशिक्षण शिविर में भाग लेकर इसे सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
इस अवसर पर विधायक प्रमोद नैनवाल, दर्जा राज्य मंत्री कैलाश पंत, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री महेश्वर मेहरा, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री बिमला रावत, जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, जिला महामंत्री भूपेन्द्र कांडपाल, ध्यान सिंह नेगी, प्रदीप बिष्ट, गिरीश भगत, आशुतोष शाही, ललित मेहरा, मुकेश पांडेय, राम सिंह रावत, प्रेम रावत, उमेश पंत, मनजीत भगत, राजेंद्र सिंह, दर्शन बिष्ट, तनुजा शाह, धीरेन्द्र मठपाल, टीडी शर्मा, रमेश करायत, चन्दन भगत, ममता भट्ट, गणेश राम, दीप पाण्डेय, कैलाश भट्ट, विजय वजेठा सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री भूपेन्द्र कांडपाल द्वारा किया गया।

