हल्द्वानी में पत्रकार पर हमला: आंख की रोशनी पर संकट, दो सर्जरी के बाद भी हालत गंभीर

Share the News

हल्द्वानी। दैनिक जागरण हल्द्वानी में वरिष्ठ उप संपादक के रूप में कार्यरत प्रेम सिंह (धामी) पर हुए हमले के बाद उनकी आंख की रोशनी पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। 20 अप्रैल की रात सोमवर बाजार स्थित महेंद्र शोरूम के पास रामपुर रोड पर हुए इस हमले में उनकी बाईं आंख गंभीर रूप से घायल हो गई।

अब तक दो जटिल सर्जरी हो चुकी हैं, लेकिन चिकित्सकों ने दृष्टि पूरी तरह सामान्य होने को लेकर कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया है।

जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान आरोपी युवक ने कथित तौर पर प्रेम सिंह (धामी) को जबरन रोक लिया, उनका हाथ पकड़ लिया और स्कूटी की चाबी निकालकर अपने साथियों को बुलाने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उनके चेहरे, विशेषकर आंख और नाक पर लगातार कई घूंसे मारे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर ने अर्धमूर्छित अवस्था में भी उन्हें सड़क पर घसीटा, जिससे वह तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से बाल-बाल बचे।

घटना के अगले दिन 21 अप्रैल को मेडिकल परीक्षण (एमएलसी) कराया गया और पुलिस में शिकायत दी गई। बाद में 1 मई को प्राथमिकी दर्ज हुई। आंख की हालत बिगड़ने पर 26 अप्रैल को निजी अस्पताल में पहली आपातकालीन सर्जरी करानी पड़ी। 5 मई को सुशीला तिवारी अस्पताल से उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, जिसके बाद 14 मई को दूसरी जटिल विट्रो-रेटिना ट्रॉमा सर्जरी हुई।

पीड़ित ने उपचार और सेकेंड ओपिनियन के लिए AIIMS के आरपी सेंटर, L V Prasad Eye Institute, Shroff Eye Centre और Shankar Nethralaya समेत कई प्रतिष्ठित नेत्र संस्थानों से परामर्श लिया। विशेषज्ञों ने आंख की स्थिति को अत्यंत गंभीर बताते हुए तत्काल जटिल सर्जरी की आवश्यकता बताई है।

मामले में पुलिस आरोपी युवक की पहचान कर पूछताछ कर चुकी है। वहीं पत्रकार संगठनों और स्थानीय लोगों ने गंभीर धाराएं जोड़ने, निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग उठाई है। मुख्यमंत्री और शासन-प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील भी की गई है। पत्रकार संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन किया जाएगा।

घटनाक्रम एक नजर में

20 अप्रैल — सोमवर बाजार में हमला

21 अप्रैल — एमएलसी और पुलिस शिकायत

26 अप्रैल — पहली आपातकालीन सर्जरी

1 मई — एफआईआर दर्ज

5 मई — हायर सेंटर रेफर

14 मई — दूसरी जटिल ट्रॉमा सर्जरी

आरोपी से पूछताछ — जांच जारी

See also  भीमताल : राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु के नेतृत्व में वन्यजीवों के आतंक के खिलाफ धरना, बच्चों की सुरक्षा व स्कूल समय में बदलाव की मांग
error: Content is protected !!