रानीखेत : थापला गांव में डी.आई.ओ. संस्थान की नई शाखा का शुभारंभ, ग्रामीण छात्रों को मिलेगा बेहतर शैक्षिक मार्गदर्शन

Share the News

शिक्षा के क्षेत्र को नई दिशा देने के उद्देश्य से ग्राम थापला मे डी.आई.ओ. संस्थान की नई शाखा का शुभारंभ।

रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। विकासखण्ड ताड़ीखेत की ग्राम पंचायत थापला में शिक्षा के क्षेत्र को नई दिशा देने के उद्देश्य से डी.आई.ओ. संस्थान की नई शाखा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री बिमला रावत, विशिष्ट अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख धन सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य बीना बिष्ट, सिटी मांटेसरी स्कूल के प्रधानाचार्य विनोद खुल्बे, ग्राम प्रधान आकांक्षा रावत तथा संस्थान के निदेशक प्रदीप रावत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित एवं सरस्वती वंदना के साथ किया।

इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रदीप रावत ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि वे शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकें।

मुख्य अतिथि बिमला रावत ने संस्थान की पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा समाज के विकास का सबसे मजबूत आधार है और ऐसे संस्थान युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

वहीं पूर्व ब्लॉक प्रमुख धन सिंह रावत ने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब गांवों में ही ऐसे संस्थान खुलने लगेंगे तो बच्चों को पढ़ाई के लिए अन्य स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा और अभिभावकों पर आर्थिक बोझ भी कम होगा। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में क्षेत्र के अभिभावक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

See also  नैनीताल: पर्यटकों के स्वागत के लिए रंग बिरंगी लाइटों से सजी सरोवर नगरी, वीडियो....
error: Content is protected !!