दहेज की मांग ने उजाड़ा बेटी का सुहाग: शादी से पहले पिता की हार्ट अटैक से मौत, दूल्हा-बारातियों की पिटाई
खटीमा। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा के इस्लामनगर क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब दहेज और मेहर की रकम को लेकर हुए विवाद के बीच दुल्हन के पिता की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।
घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने दूल्हे समेत कई बारातियों को बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, इस्लामनगर निवासी ठेकेदार सादिक की बेटी की बारात उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बारा फरीदपुर से आई थी। निकाह की रस्मों के दौरान मेहर की रकम और कथित दहेज की मांग को लेकर दोनों पक्षों में तीखा विवाद हो गया। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि शादी तय होने के बाद से ही दूल्हा पक्ष पहले स्कूटर, फिर मोटरसाइकिल और बाद में एक लाख रुपये नकद की मांग कर रहा था। वहीं निकाह के समय मेहर की रकम को लेकर भी विवाद बढ़ गया। दुल्हन पक्ष पांच लाख रुपये पर अड़ा था, जबकि दूल्हा पक्ष 21 हजार रुपये से अधिक देने को तैयार नहीं था।
विवाद बढ़ने के बीच दुल्हन के पिता सादिक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि विवाद से उत्पन्न मानसिक तनाव के कारण उन्हें दिल का दौरा पड़ा।
पिता की मौत की खबर मिलते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने दूल्हे मोहम्मद आरिफ, उसके भाई मोहम्मद खालिद, रिश्तेदार अता हुसैन समेत कई बारातियों को बंधक बना लिया और उनकी पिटाई कर दी। जान बचाने के लिए कुछ बाराती पास के मकान की छत पर चढ़ गए, लेकिन छत का एक हिस्सा गिरने से कुछ लोग घायल भी हो गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। अधिकारियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

