विज्ञान और अध्यात्म का संगम: रानीखेत महाविद्यालय में आज से शुरू हुआ गीता पर निःशुल्क ऑनलाइन पाठ्यक्रम

Share the News

1 से 7 जुलाई तक चलेगा सात दिवसीय कार्यक्रम, वैज्ञानिक दृष्टिकोण से श्रीमद्भगवद्गीता को समझाएंगे विशेषज्ञ

रानीखेत। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत के विज्ञान लोकप्रियीकरण प्रकोष्ठ तथा उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के नॉलेज पार्टनर सहयोग से भक्तिवेदांत संस्थान, कोलकाता द्वारा 1 से 7 जुलाई 2026 तक “Bhagavad Gita with Scientific Views” विषय पर एक सप्ताह का निःशुल्क ऑनलाइन पाठ्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

पाठ्यक्रम का उद्देश्य श्रीमद्भगवद्गीता के आध्यात्मिक सिद्धांतों को आधुनिक विज्ञान की दृष्टि से समझाते हुए विद्यार्थियों, शोधार्थियों और आम नागरिकों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक चिंतन तथा नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम प्रतिदिन शाम 7:00 बजे से 8:15 बजे तक ऑनलाइन आयोजित होगा। इसमें भक्तिवेदांत संस्थान के अध्यक्ष वासुदेव राव और निदेशक वरुण अग्रवाल विषय विशेषज्ञ के रूप में व्याख्यान देंगे। नियमित प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पाण्डे ने कहा कि विज्ञान और भारतीय ज्ञान परंपरा का समन्वय विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वहीं, विज्ञान लोकप्रियीकरण प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ. भारत पाण्डेय ने बताया कि महाविद्यालय लगातार ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों से जोड़ने का प्रयास कर रहा है। इससे पहले भी नोबेल पुरस्कार विजेताओं के व्याख्यान, “Voyage Through the Cosmos” जैसी अंतरराष्ट्रीय व्याख्यान श्रृंखला सहित कई वैज्ञानिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।

यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने कहा कि विज्ञान और भारतीय ज्ञान परंपरा का समन्वय नई पीढ़ी में वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ नैतिक एवं मानवीय मूल्यों के विकास में सहायक है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस ज्ञानवर्धक पाठ्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।

इस निःशुल्क ऑनलाइन पाठ्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक विद्यार्थी एवं अन्य प्रतिभागी निर्धारित समय से पूर्व ऑनलाइन पंजीकरण कर कार्यक्रम का लाभ उठा सकते हैं।

See also  रानीखेत : विकासखण्ड ताड़ीखेत के अन्तर्गत ग्राम मंगचौड़ा मे महिला मंगल दल का गठन
error: Content is protected !!