रानीखेत। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र जुलाई 2026 के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमो में प्रवेश 01 जुलाई 2026 से प्रारम्भ हो गए हैं। जिसमे प्रवेश इच्छुक समस्त नवीन प्रवेशार्थी स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा तथा प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमो में प्रवेश ले सकते हैं।
इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय के पूर्व से विभिन्न सेमेस्टरो में अध्ययनरत शिक्षार्थी भी परीक्षा तथा परीक्षाफल की प्रतीक्षा किये बिना ही अपने अगले सेमेस्टर में प्रवेश लेना सुनिश्चित करेंगे क्यूकि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में शिक्षार्थीयो के लिए एक या सभी छूटे हुए /अनुतीर्ण पेपर में बैक परीक्षा देने की पूर्ण सुविधा उपलब्ध है।
क्षेत्रीय केंद्र रानीखेत के क्षेत्रीय निदेशक डॉ0 जे0 एस0 रावत ने बताया कि विश्वविद्यालय के द्वारा नई शिक्षा नीति (NEP-2020) के अनुरूप विद्यार्थियों को लचीली, गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक उच्च शिक्षा उपलब्ध कराया जा रहा है। इस सत्र में 15 स्नातक, 35 स्नातकोत्तर, 16 डिप्लोमा तथा 29 प्रमाणपत्र कार्यक्रमों में प्रवेश दिए जा रहे हैं। साथ ही भगवद् गीता अध्ययन में डिप्लोमा एवं मानव अधिकार तथा असिस्टेंट होमस्टे मैनेजर में प्रमाणपत्र जैसे नए कार्यक्रम भी प्रारम्भ किए गए हैं। उन्होंने क्षेत्र के सभी इच्छुक विद्यार्थियों, नौकरीपेशा युवाओं एवं गृहिणियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
सहायक क्षेत्रीय निदेशक रुचि आर्या ने बताया कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को अनेक छात्र-हितैषी सुविधाएँ प्रदान कर रहा है।
प्रवेश प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन एवं सरल है। प्रवेश के साथ ही विद्यार्थियों को Student Oneview पर डिजिटल अध्ययन सामग्री (E-SLM/E-Books) उपलब्ध कराई जाती है तथा ऑनलाइन असाइनमेंट जमा करने की सुविधा भी दी गई है।
उत्तराखण्ड के अधिकांश महाविद्यालयों में अध्ययन एवं परीक्षा केंद्र उपलब्ध हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर अध्ययन केंद्र एवं परीक्षा केंद्र परिवर्तन की सुविधा भी ऑनलाइन उपलब्ध है।
विश्वविद्यालय में E-SLM के साथ प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को कार्यक्रम शुल्क में 15 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाती है। इसके अतिरिक्त विषय परिवर्तन, पाठ्यक्रम परिवर्तन, प्रवेश प्रपत्र में संशोधन, हार्ड कॉपी पुस्तकों के लिए ऑनलाइन आवेदन, परीक्षा परिणाम Student Oneview एवं विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध कराने तथा डिग्री हेतु ऑनलाइन आवेदन जैसी सुविधाएँ भी विद्यार्थियों को प्रदान की जाती हैं।
सत्र 2026 से विश्वविद्यालय द्वारा पुनः पंजीकरण की व्यवस्था पुर्णतः समाप्त कर दी गयी है अतः शिक्षार्थीयो को ध्यान रखना है कि उनको अपना पाठ्यक्रम निर्धारित अवधि (स्नातक में n+3 अतार्थ 06 वर्ष तथा स्नातकोत्तर में n+2 अतार्थ 04 वर्ष) में समस्त सेमेस्टर की परीक्षा एवं ऑनलाइन असाइनमेंट परीक्षा पुर्णतः संपन्न करनी होगी|
प्रवेश प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन माध्यम से उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर सम्पन्न की जाएगी। अभ्यर्थी निम्नलिखित लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं: https://online.uou.ac.in/
सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि ऑनलाइन आवेदन करने से पूर्व विश्वविद्यालय की प्रवेश विवरणिका (Admission Prospectus) का सावधानीपूर्वक अध्ययन कर उसमें उल्लिखित सभी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
प्रवेश आवेदन पत्र भरते समय अपना ABC ID एवं DEB ID सही एवं अनिवार्य रूप से अंकित करें। गलत अथवा अपूर्ण ABC ID या DEB ID दर्ज किए जाने की स्थिति में विश्वविद्यालय नियमानुसार आपका प्रवेश निरस्त किया जा सकता है।
इस सम्बन्ध में क्षेत्रीय केंद्र द्वारा नवीन अभ्यर्थियों तथा अगले सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों से समय रहते प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने का आग्रह किया तथा अधिक जानकारी के लिए क्षेत्रीय केंद्र/ अध्ययन केंद्र रानीखेत अथवा विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.uou.ac.in से संपर्क करने की अपील की।

