ग्रीष्मकालीन अवकाश के पश्चात हवन-यज्ञ के साथ विद्यालय का हुआ शुभारंभ।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र की समृद्धि की कामना, नियमित कक्षाएं हुईं शुरू।
कोटद्वार। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद रितेश शर्मा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, जानकीनगर, कोटद्वार में बुधवार को हवन-यज्ञ के साथ नए शैक्षणिक चरण का शुभारंभ किया गया। विद्यालय में विद्यार्थियों के पुनः आगमन पर वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार आयोजित हवन-यज्ञ में मां सरस्वती से ज्ञान, आत्मशुद्धि और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का संचालन आचार्य अनिल कोटनाला एवं राजन कुमार शर्मा ने किया। यज्ञ में सभी आचार्यगण एवं कर्मचारियों ने आहुति अर्पित कर विद्यालय परिवार की उन्नति, विद्यार्थियों की सफलता तथा राष्ट्र की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
इस अवसर पर कार्यालय प्रमुख राकेश चमोली, राहुल भाटिया, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी भूपेंद्र सिंह, शिवराम बडोला, परीक्षा प्रभारी रोहित बलोदी, मोहन सिंह, संगीता रावत, संगीता कुकशाल, मधुबाला नौटियाल, विनीता बिष्ट, सरोज नेगी, साक्षी अग्रवाल, पूनम नेगी, प्रेम सिंह, सच्चिदानंद, मुकेश सुंदरियाल, सुरेंद्र राणा सहित समस्त आचार्यगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती ने सभी शिक्षकों को आगामी शैक्षणिक चरण के लिए शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं संस्कारयुक्त वातावरण के निर्माण के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के उपरांत विद्यालय में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ कर दी गईं।

