पूर्व छात्र विकास पंत ने बढ़ाया रानीखेत मिशन इंटर कॉलेज का मान, एनसीसी कक्ष के लिए दिए आवश्यक संसाधन
शिक्षा और प्रतिभाओं के लिए लगातार सहयोग कर रहे विकास पंत, मिशन इंटर कॉलेज को दी नई सौगात
रानीखेत। समाजसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देते हुए हल्द्वानी निवासी विकास पंत ने एक बार फिर रानीखेत मिशन इंटर कॉलेज की सहायता की है। इस बार उन्होंने विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स के लिए एनसीसी कक्ष में वाटर फिल्टर, कुर्सियां, दरी सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था कराई है।
इस सहयोग पर विद्यालय के एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट गौरव भट्ट एवं फर्स्ट ऑफिसर अजय चंद्रा ने विकास पंत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन संसाधनों से कैडेट्स को काफी सुविधा मिलेगी।
विकास पंत मूल रूप से हल्द्वानी के निवासी हैं, जबकि उनकी शिक्षा-दीक्षा नैनीताल में हुई है। उनके पिता नैनीताल नगर पालिका में प्रशासनिक अधिकारी तथा माता राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, नैनीताल में अध्यापिका रह चुकी हैं। वर्तमान में वह गुरुग्राम में EnerG Linkage के को-फाउंडर एवं सीएससीओ तथा Routeway Freight Solutions में वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत हैं।
विकास पंत ने कहा कि रानीखेत मिशन इंटर कॉलेज क्षेत्र की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। यहां वर्षभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होते रहते हैं, इसलिए उन्होंने ऐसी सामग्री उपलब्ध कराई है जो विद्यालय के हर आयोजन में उपयोगी साबित होगी। उन्होंने विद्यालय के छात्र गौरव के Indian Institute of Technology Kharagpur में चयन पर शुभकामनाएं भी दीं।
सांस्कृतिक समिति रानीखेत के अध्यक्ष विमल सती ने विकास पंत के इस योगदान की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी उनका सहयोग विद्यालय को मिलता रहेगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य हेमंत कुमार अग्रवाल ने बताया कि विकास पंत पिछले कई वर्षों से विद्यालय के आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी छात्र-छात्राओं की सहायता करते आ रहे हैं। वर्तमान में भी वह विद्यालय की एक होनहार छात्रा की शैक्षणिक आवश्यकताओं का पूरा खर्च वहन कर रहे हैं।
तथा भविष्य में उसकी उच्च शिक्षा में भी सहयोग करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में विकास पंत अन्य जरूरतमंद विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में भी इसी प्रकार योगदान देते रहेंगे।

