रानीखेत हत्याकांड का खुलासा: स्कूटी पर खरोंच के विवाद का लिया खूनी बदला, आरोपी गिरफ्तार

Share the News

सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा, दो माह पहले शादी समारोह में हुए विवाद के बाद बनाई थी हत्या की साजिश, युवक की बेरहमी से हत्या, मां और दादी पर भी किया जानलेवा हमला

रिपोर्टर: बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत। अल्मोड़ा जिले के रानीखेत कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ऐना में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी जगत सिंह बोरा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि दो माह पहले एक शादी समारोह में स्कूटी पर खरोंच आने को लेकर हुए विवाद के बाद उसने युवक की हत्या की साजिश रच ली थी।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 की रात करीब 8:11 बजे चौकी मजखाली के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम ऐना में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है तथा दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भुवन चंद्र जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया और घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण किया गया।

मौके पर एक कमरे के फर्श पर जितेन्द्र सिंह उर्फ सागर पुत्र चन्दन सिंह निवासी ग्राम ऐना का शव खून से लथपथ हालत में मिला। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए गोविंद सिंह महरा राजकीय चिकित्सालय, रानीखेत भेज दिया।

मृतक के फुफेरे भाई नीरज बोरा की तहरीर पर कोतवाली रानीखेत में मु.अ.सं. 18/2026 के तहत धारा 103/109 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल पुलिस टीम गठित की गई और 11 जुलाई को आरोपी जगत सिंह बोरा पुत्र पान सिंह बोरा निवासी ग्राम ऐना को जनाड़ों होटल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब दो माह पहले गांव के कुबेर सिंह बोरा की शादी में स्कूटी पर खरोंच लगने को लेकर उसका और उसके दोस्त का मृतक जितेन्द्र उर्फ सागर तथा उसके भाई कृष्णा सिंह से विवाद हुआ था। उसी दिन उसने दोनों भाइयों की हत्या करने की ठान ली थी।

आरोपी ने बताया कि वारदात से एक दिन पहले उसने खैरना बाजार से एक हथौड़ा और रानीखेत बाजार से एक चाकू खरीदा तथा उन्हें फौजी रंग के पिट्ठू बैग में छिपाकर 10 जुलाई की शाम करीब 7:50 बजे कृष्णा सिंह के घर पहुंच गया।

आरोपी के अनुसार, उसने पहले सागर के सिर पर हथौड़े से कई वार किए। इसके बाद चाकू से उसके सीने पर कई वार किए और गला रेत दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची सागर की मां जानकी देवी पर हथौड़े से हमला किया तथा दादी शोभा देवी पर चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

गंभीर रूप से घायल दोनों महिलाओं को स्थानीय लोगों की मदद से गोविंद सिंह महरा राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। आरोपी ने पुलिस के सामने अपना अपराध स्वीकार करते हुए घटना पर पछतावा भी जताया।

पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। शुरुआती जांच में यह मामला पुरानी रंजिश में सुनियोजित हत्या का सामने आया है।

See also  18,570 फीट में जीवन की मशाल - श्रीखंड कैलाश पर सिक्स सिग्मा की अद्वितीय मेडिकल सेवा
error: Content is protected !!