रानीखेत/सोमेश्वर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को सोमेश्वर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प देश की युवा शक्ति के सहयोग और सक्रिय भागीदारी से ही साकार होगा।
इस अवसर पर कारगिल युद्ध सहित देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके शौर्य और त्याग को नमन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वतंत्रता सेनानी हुकुम सिंह बोरा के स्मारक स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद सभी प्रतिभागी जुलूस के रूप में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के सोमेश्वर स्थित आवास पहुंचे, जहां युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
युवा संवाद को संबोधित करते हुए रेखा आर्या ने कहा कि आज का भारत युवा भारत है और देश की सबसे बड़ी शक्ति उसके युवा हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा उन्हें नवाचार, शिक्षा, कौशल और सकारात्मक सोच के साथ देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवाओं का कल्याण केंद्र एवं उत्तराखंड सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश सरकार अब तक 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार उपलब्ध करा चुकी है और आने वाले समय में रोजगार के नए अवसरों का सृजन कर यह संख्या और बढ़ाई जाएगी।
कैबिनेट मंत्री ने युवाओं से समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष पंकज भाकुनी, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, ज्येष्ठ प्रमुख ताकुला राजेंद्र कैड़ा सहित बड़ी संख्या में युवा एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


