बैसी (जागर) धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हुईं कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, गोलू देव व हरज्यू देव से प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

Share the News

गोलू देव और हरज्यू देव की लोक परंपराएं हमारी सांस्कृतिक पहचान : रेखा आर्या

रिपोर्टर: बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत/सोमेश्वर। रानीखेत और सोमेश्वर क्षेत्र में आयोजित पारंपरिक बैसी (जागर) धार्मिक अनुष्ठानों में रविवार को उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सहभागिता कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद करते हुए उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, देव परंपराओं और जागर जैसे धार्मिक आयोजनों को सांस्कृतिक पहचान का मजबूत आधार बताया।

कैबिनेट मंत्री सबसे पहले ग्राम सभा गल्ली बस्यूरा स्थित श्री गोलू देव एवं श्री हरज्यू देव मंदिर में आयोजित 11 दिवसीय बैसी (जागर) धार्मिक अनुष्ठान में पहुंचीं। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने ग्राम कुंवाली कोरेधार स्थित गोलज्यू देवता मंदिर में आयोजित 22 दिवसीय बैसी कार्यक्रम में भी भाग लिया और प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए रेखा आर्या ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, देव परंपराएं और जागर जैसे धार्मिक अनुष्ठान हमारी सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि न्याय के देवता भगवान गोलू देव और श्री हरज्यू देव की परंपराएं केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं हैं, बल्कि समाज को सत्य, न्याय, नैतिकता और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी देती हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमारी लोक परंपराएं सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक चेतना को सशक्त बनाती हैं। ऐसे धार्मिक आयोजन लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ हमारी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कैबिनेट मंत्री ने आयोजन समिति, ग्रामवासियों और क्षेत्र की धर्मप्रेमी जनता को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि न्याय के देवता भगवान गोलू देव का आशीर्वाद सभी प्रदेशवासियों पर बना रहे और उत्तराखंड विकास, शांति तथा समृद्धि के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।

इस अवसर पर स्याही देवी मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

See also  मुस्लिम पत्रकार का घर गिराया तो हिंदू ने प्लॉट किया दान
error: Content is protected !!