ग्राम पंचायत कलझीपा जोशी के ग्रामीण, मंदिर सौंदर्यीकरण अनुदान हेतु विधायक महेश जीना का जताया आभार
गोरखनाथ हरज्यू मंदिर के सौंदर्यीकरण अनुदान पर ग्रामीणों ने विधायक महेश जीना का जताया आभार, ‘जागृति’ स्मारिका का किया विमोचन
रिपोर्टर : बलवंत सिंह रावत
रानीखेत/सल्ट। ग्राम पंचायत कलझीपा जोशी के ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर सल्ट विधायक महेश जीना का आभार व्यक्त किया। विधायक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कलझीपा जोशी से आए प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से शिष्टाचार भेंट कर श्री गुरु गोरखनाथ हरज्यू मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए वित्तीय अनुदान स्वीकृत कराने पर उनका धन्यवाद ज्ञापित किया।
ग्रामीणों ने कहा कि विधायक महेश जीना लगातार क्षेत्र के धार्मिक स्थलों के विकास, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और जनआस्था से जुड़े स्थलों के संवर्धन के लिए गंभीरता से कार्य कर रहे हैं। मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए मिली वित्तीय सहायता से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर विधायक महेश जीना ने ‘गुरु गोरखनाथ सेवा समिति’ द्वारा प्रकाशित स्मारिका “जागृति” का विमोचन भी किया। उन्होंने समिति को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी स्मारिकाएं धार्मिक एवं सामाजिक चेतना को जागृत करने के साथ-साथ क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनती हैं। उन्होंने कामना की कि गुरु गोरखनाथ जी का आशीर्वाद पूरे क्षेत्र पर सदैव बना रहे और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता रहे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्राम पंचायत कलझीपा के नवनिर्वाचित उपप्रधान दीपक रावत को भी शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना की।
इस मौके पर ग्राम प्रधान हरीश चंद्र नैनवाल, स्याल्दे मंडल अध्यक्ष कुंदनलाल, गुरु गोरखनाथ सेवा समिति के पदाधिकारी, ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास, धार्मिक स्थलों के संरक्षण और सामाजिक सहभागिता को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई।


