महेंद्र भट्ट के जन्मदिवस पर सल्ट में भाजपा का बढ़ा कुनबा, दर्जनों ग्रामीणों ने थामी पार्टी की सदस्यता

Share the News

राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के जन्मदिवस पर सल्ट में दर्जनों लोगों ने थामा भाजपा का दामन

विधायक महेश जीना के विकासकार्यों और संगठन की नीतियों से प्रभावित होकर ग्रामीणों ने ली भाजपा की सदस्यता

विधायक कार्यालय सल्ट में आयोजित हुआ सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम, श्रम बोर्ड सदस्य सुरेश कड़ाकोटि भी रहे मौजूद

विधायक महेश जीना के विकास कार्यों से प्रभावित होकर विभिन्न गांवों के लोगों ने लिया भाजपा की सदस्यता, श्रम बोर्ड सदस्य सुरेश कड़ाकोटी भी रहे मौजूद

रिपोर्टर बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत/सल्ट। राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के जन्मदिवस के अवसर पर सल्ट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने संगठनात्मक मजबूती का संदेश देते हुए सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया। विधायक कार्यालय सल्ट में आयोजित इस कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे दर्जनों ग्रामीणों और परिवारों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया।

कार्यक्रम में डांग कड़ाकोटि, घट्टी, बनकोटा, मछोड़ सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भाजपा की रीति-नीति, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सल्ट विधानसभा में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर पार्टी का दामन थामा। सदस्यता ग्रहण करने वाले सभी नए कार्यकर्ताओं का क्षेत्रीय विधायक महेश जीना ने फूल-मालाएं पहनाकर एवं पार्टी का पटका ओढ़ाकर स्वागत किया।

इस अवसर पर ग्रामीणों ने कहा कि सल्ट विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। विधायक महेश जीना के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास की नई गति देखने को मिली है, जिससे प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा की सदस्यता लेने का निर्णय लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक महेश जीना ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित एक परिवार है। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ भाजपा समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के जन्मदिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों का भाजपा परिवार से जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि जनता का पार्टी की नीतियों और सरकार के विकास कार्यों पर विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

उन्होंने कहा कि सल्ट विधानसभा के प्रत्येक गांव तक विकास पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और आने वाले समय में भी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य किए जाएंगे।

कार्यक्रम में उत्तराखंड श्रम बोर्ड के सदस्य सुरेश कड़ाकोटी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की जनहितकारी नीतियों और सेवा भाव के कारण लगातार लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।

इस अवसर पर भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

See also  भीमताल : बड़ौन क्षेत्र से क्षेत्र पंचायत सदस्य कमलेश कैड़ा का नामांकन अवैध - हरीश पनेरु 
error: Content is protected !!