रानीखेत पीजी कॉलेज में सेतु पोर्टल पर कौशल विकास कार्यक्रम, विद्यार्थियों को रोजगार के अवसरों की दी जानकारी

Share the News

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत में सेतु पोर्टल के अंतर्गत कौशल विकास सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन

रिपोर्टर: बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत में उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित सेतु पोर्टल के अंतर्गत कौशल विकास एवं रोजगार सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षिक योग्यता एवं रुचि के अनुरूप रोजगार के अवसरों से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्या डॉ. प्राची जोशी एवं वरिष्ठ प्राध्यापक तथा करियर एवं प्लेसमेंट सेल के संयोजक प्रो. पी.एन. तिवारी ने मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर माइक्रोसेव कंसल्टिंग (एमएससी), दिल्ली की प्रतिनिधि सुश्री त्रिशला ने विद्यार्थियों को उत्तराखंड सरकार के सेतु पोर्टल के माध्यम से रोजगार प्राप्त करने की प्रक्रिया, पोर्टल के उपयोग, पंजीकरण और उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए रोजगार, कौशल विकास एवं करियर निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की और उनके सवालों के जवाब भी दिए।

कार्यक्रम के दौरान माइक्रोसेव कंसल्टिंग, दिल्ली के प्रतिनिधि श्री अतुल्य ने करियर एवं प्लेसमेंट सेल के संयोजक प्रो. पी.एन. तिवारी से ‘रोजगार प्रयाग पोर्टल’ के संबंध में विचार-विमर्श किया। प्रो. तिवारी ने कहा कि रोजगार संबंधी योजनाओं और पोर्टलों की जानकारी उत्तराखंड के दूरस्थ गांवों तक पहुंचना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब तक ग्रामीण क्षेत्रों के युवा इन सुविधाओं से नहीं जुड़ेंगे, तब तक ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य पूरी तरह सफल नहीं हो सकेगा। उन्होंने महाविद्यालय के करियर एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा अब तक संचालित विभिन्न प्लेसमेंट कार्यक्रमों के अनुभव भी साझा किए।

व्याख्यान के दौरान शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से सेतु पोर्टल के संचालन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं और उनके समाधान संबंधी सुझाव भी प्राप्त किए गए, ताकि पोर्टल को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

महाविद्यालय की कौशल विकास समिति की संयोजिका डॉ. पारुल भारद्वाज ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट किए। कार्यक्रम के समापन पर डॉ. सत्यामित्र सिंह ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से आत्मनिर्भरता, कौशल विकास और रोजगार के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम में डॉ. प्रमोद जोशी, डॉ. बृजेश जोशी, डॉ. लक्ष्मी देवी, डॉ. निधि पांडे, डॉ. अतुल उप्रेती, डॉ. जे.एस. रावत, डॉ. अर्चना जोशी, डॉ. मीना परगाई, डॉ. कोमल गुप्ता, डॉ. धीरज खाती सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी योजनाओं से जोड़ने तथा कौशल विकास के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण प्रयास किया गया।

See also  सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे के सतत प्रयासों से टूटी प्रशासनिक चुप्पी — अब माताओं को नहीं पड़ेगा भटकना
error: Content is protected !!