रानीखेत में शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था पर फूटा कांग्रेस का गुस्सा, मंत्री और सरकार का पुतला फूंका

Share the News

भतरोजखान में कांग्रेस का प्रदर्शन, स्वास्थ्य मंत्री व शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला

‘विद्यालयों में प्रधानाचार्य नहीं, अस्पताल बने रेफर सेंटर’, कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

गणेश गिरी की मौत से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार प्रदर्शन

रिपोर्टर बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत। रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा गुरुवार को भतरोजखान में फूट पड़ा। क्षेत्र में हाल ही में हुई पूर्व प्रधान गणेश गिरी की मृत्यु और सरकारी व्यवस्थाओं को लेकर आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड सरकार, शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक करगेती ने कहा कि रानीखेत विधायक शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर होने के बड़े-बड़े होर्डिंग लगाकर जनता को गुमराह कर रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र के सरकारी अस्पताल रेफर सेंटर बनकर रह गए हैं। आपातकालीन स्थिति में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी अस्पतालों में उपलब्ध नहीं मिलते, जिसके कारण मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली के चलते कई नवजात शिशु अपनी जान गंवा चुके हैं।

दीपक करगेती ने भतरोजखान के पूर्व प्रधान गणेश गिरी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।

पूर्व प्रधान सुरेश असवाल ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि रानीखेत विधानसभा में ऐसा कोई सरकारी विद्यालय नहीं है जहां स्थायी प्रधानाचार्य तैनात हो। उन्होंने कहा कि विषय विशेषज्ञ शिक्षकों को पढ़ाई छोड़कर प्रधानाचार्य के प्रशासनिक कार्य संभालने पड़ रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

कांग्रेस कार्यकर्ता मुकुल पंत ने बताया कि कुछ दिन पहले वह भतरोजखान अस्पताल में रेबीज का टीका लगवाने पहुंचे थे, लेकिन अस्पताल में वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी। मजबूरन उन्हें टीका लगवाने के लिए रामनगर जाना पड़ा। उन्होंने इसे स्वास्थ्य विभाग की गंभीर लापरवाही बताया।

प्रदर्शन में कांग्रेस चौनलिया न्याय पंचायत अध्यक्ष अशोक कठायत, पूर्व प्रधान सुरेश असवाल, बूथ अध्यक्ष खजान चंद्र पंत, ललित गड़ाकोटी, चौनलिया यूथ न्याय पंचायत अध्यक्ष गोविंद सिंह रावत, कुबेर किरौला, चंदन किरौला, मुकुल पंत, मनोज पंत, संजय गड़ाकोटी, कुंदन सिंह नेगी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड सरकार, शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और स्वास्थ्य मंत्री का पुतला दहन कर जोरदार नारेबाजी की तथा चेतावनी दी कि यदि शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार नहीं किया गया तो कांग्रेस जनआंदोलन को और तेज करेगी।

See also  नये साल में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा नीम करोली महाराज के किए दर्शन
error: Content is protected !!