रानीखेत। मानिला देवी मंदिर, कमराड़/विनायक क्षेत्र में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के चतुर्थ दिवस गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर हो गए।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। भजन-कीर्तन, जयघोष और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की मनमोहक झांकियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का आनंद लिया।
इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के श्रम एवं संविदा राज्य मंत्री कैलाश पंत भी कथा स्थल पहुंचे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया तथा क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने धार्मिक आयोजनों को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
मानिला मंदिर प्रबंधक समिति के अध्यक्ष तुला सिंह तड़ियाल ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन श्रद्धालुओं के सहयोग से निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि कथा के आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा तथा अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कथा श्रवण कर धर्म लाभ लेने की अपील की।
कथा के दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, महिला श्रद्धालु, युवा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।


