सल्ट में सड़क विकास को मिली नई रफ्तार, विधायक महेश जीना ने किया हिनौला-काने खलपाटी मोटर मार्ग के रिन्यूवल कार्य का शिलान्यास

Share the News

विधायक महेश जीना ने किया हिनौला से काने खलपाटी मोटर मार्ग के रिन्यूवल कार्य का शिलान्यास

रिपोर्टर बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत/सल्ट। सल्ट विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए क्षेत्रीय विधायक महेश जीना ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत हिनौला से काने खलपाटी मोटर मार्ग के रिन्यूवल (पुनर्निर्माण) कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा का लाभ मिलेगा।

12.4 किलोमीटर लंबे इस मोटर मार्ग के रिन्यूवल कार्य के लिए ₹147.21 लाख की लागत स्वीकृत की गई है। लंबे समय से सड़क के नवीनीकरण की मांग कर रहे स्थानीय लोगों के लिए यह सौगात राहत लेकर आई है। सड़क के सुदृढ़ीकरण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक महेश जीना ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित मूलभूत सुविधाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होता है और इस मार्ग के पुनर्निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से काफी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सल्ट विधानसभा के दूरस्थ गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विकास योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि क्षेत्र का कोई भी गांव विकास की मुख्यधारा से अछूता न रहे।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सल्ट सुजीत चौधरी, नरेंद्र भंडारी, विक्रम बिष्ट, कुंदन बिष्ट, दिनेश पंवार सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने सड़क के रिन्यूवल कार्य शुरू होने पर विधायक और सरकार का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।

See also  रानीखेत : भारतीय जनता पार्टी के नये अध्यक्ष पद के लिए रायमुसारी कार्यक्रम का आयोजन
error: Content is protected !!