रानीखेत महाविद्यालय में रोजगार मेले का आयोजन, 100 में से 28 युवाओं का चयन

Share the News

रिपोर्टर : बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत। स्वर्गीय श्री जयदत्त वैला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में करियर काउंसलिंग प्रकोष्ठ एवं क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय अल्मोड़ा के संयुक्त तत्वावधान में रोजगार मेले का आयोजन किया गया।

मेले का मुख्य उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था। इसके लिए टाटा समूह एवं टाटा क्वैस के प्रतिनिधियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पाण्डेय, टाटा समूह के नॉर्थ ईस्ट जोन मैनेजर दिनेश चंद्र, एरिया मैनेजर राकेश शर्मा, जिला सेवायोजन कार्यालय के संजय कुमार, करियर काउंसलिंग प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रो. पी.एन. तिवारी, सह-समन्वयक डॉ. प्राची जोशी, डॉ. लोतिका अमित, डॉ. निर्मला जोशी, डॉ. दीपा पाण्डेय एवं अन्य प्राध्यापकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पारुल भारद्वाज ने किया।

अपने संबोधन में प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पाण्डेय ने कहा कि यह रोजगार मेला क्षेत्र के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जो उन्हें रोजगार प्राप्त करने की दिशा में नई संभावनाएं प्रदान करेगा। उन्होंने युवाओं से ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। साथ ही क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की टीम का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में प्रत्येक छह माह के अंतराल पर ऐसे रोजगार मेलों के आयोजन का आग्रह भी किया।

इस अवसर पर टाटा समूह के प्रतिनिधि दिनेश चंद्र ने कंपनी का परिचय देते हुए उपलब्ध रोजगार अवसरों, आवश्यक योग्यता, वेतनमान, भत्तों एवं अन्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को निजी क्षेत्र में उपलब्ध करियर संभावनाओं के प्रति जागरूक किया और चयन प्रक्रिया की जानकारी भी साझा की।

रोजगार मेले में लगभग 100 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। चयन प्रक्रिया के उपरांत 28 अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों के लिए चयन किया गया, जिससे प्रतिभागियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर करियर काउंसलिंग प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रो. पी.एन. तिवारी ने क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, टाटा क्वैस के प्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों, महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

रोजगार मेले में महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापक, कर्मचारी, निवर्तमान छात्रसंघ पदाधिकारी तथा लगभग 200 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय परिवार एवं सेवायोजन विभाग का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

See also  अल्मोड़ा : उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU) द्वारा शैक्षणिक शीतकालीन सत्र जनवरी-2026 के लिए नवीन प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ
error: Content is protected !!