उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की परीक्षा में मानिला केंद्र का औचक निरीक्षण

Share the News

उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों द्वारा पीजी कॉलेज मानिला, अल्मोड़ा में किया गया औचक निरीक्षण तथा साथ ही किया प्रवेश सम्बन्धी जागरूकता कार्यक्रम

अल्मोड़ा/मानिला। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की परीक्षाओं को नकलविहीन, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गठित सचल दल ने गुरुवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मानिला स्थित परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं और विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का पालन होता मिला।

सचल दल में डॉ. कमल देवलाल एवं डॉ. एच.सी. जोशी शामिल रहे। टीम ने परीक्षा केंद्र का बारीकी से निरीक्षण करते हुए प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, परीक्षा प्रपत्रों एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की स्थिति, परीक्षार्थियों की उपस्थिति, परीक्षा कक्षों में अनुशासन तथा परीक्षा संचालन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सचल दल ने यह भी देखा कि परीक्षा केंद्र पर विश्वविद्यालय की ओर से निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का किस प्रकार अनुपालन किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गईं। परीक्षा प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए केंद्र स्तर पर आवश्यक सावधानियां बरती जा रही थीं।

नए पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए किया प्रचार-प्रसार

निरीक्षण के साथ-साथ इन दिनों उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में चल रही विभिन्न पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया को लेकर भी महाविद्यालय परिसर में प्रचार-प्रसार अभियान चलाया गया। सचल दल की टीम ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद करते हुए विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया तथा नए पाठ्यक्रमों में उपलब्ध अवसरों के संबंध में जानकारी साझा की।

इस दौरान विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों और प्रवेश से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की। टीम ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न विकल्पों के बारे में विस्तार से बताया तथा विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

प्रवेश संबंधी चर्चा में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मानिला की प्राचार्य प्रो. पुष्पा नेगी के साथ प्राध्यापक डॉ. नीरज रूवाली, डॉ. खिला कोरंगा, डॉ. शैफाली सक्सेना, डॉ. जितेन्द्र प्रसाद, डॉ. पीताम्बर दत्त पंत एवं डॉ. महेश कुमार उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों के बारे में विस्तार से चर्चा की गई।

साथ ही विद्यार्थियों तक विश्वविद्यालय के नए एवं उपयोगी पाठ्यक्रमों की जानकारी पहुंचाने और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।

विश्वविद्यालय की ओर से कहा गया कि परीक्षा व्यवस्था को नकलविहीन एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए सचल दलों द्वारा परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।

वहीं, प्रवेश प्रक्रिया के दौरान प्रचार-प्रसार के माध्यम से विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों की जानकारी भी दी जा रही है।

See also  उत्तराखंड में सनसनी: POCSO आरोपी की हत्या, शराब पार्टी बनी मौत की वजह, दोस्त ही बने कातिल
error: Content is protected !!