उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में पारदर्शिता पर जोर, सचल दल ने तीन परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

Share the News

मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा औचक निरीक्षण तथा प्रवेश संबंधी जागरूकता कार्यक्रम 

गैरसैंण/भिकियासैंण/स्याल्दे। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की परीक्षाओं को नकलविहीन, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गठित सचल दल ने गुरुवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। सचल दल ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गैरसैंण, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भिकियासैंण तथा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, स्याल्दे में पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सचल दल में डॉ. कमल देवलाल और डॉ. एच.सी. जोशी शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान टीम ने परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, परीक्षार्थियों की उपस्थिति, परीक्षा कक्षों में अनुशासन तथा विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुपालन की जानकारी ली। टीम ने परीक्षा केंद्रों में चल रही व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान सभी केंद्रों पर परीक्षा व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

सचल दल ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं परीक्षा से जुड़े कर्मचारियों को विश्वविद्यालय के नियमों और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। टीम ने कहा कि विश्वविद्यालय की परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए नकल पर प्रभावी अंकुश, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बेहद महत्वपूर्ण है।

प्रवेश प्रक्रिया को लेकर भी किया प्रचार-प्रसार

निरीक्षण के साथ-साथ उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में इन दिनों संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया को लेकर भी प्रचार-प्रसार अभियान चलाया गया। सचल दल की टीम ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गैरसैंण, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भिकियासैंण तथा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, स्याल्दे में विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद किया।

इस दौरान विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया तथा उच्च शिक्षा के अवसरों के संबंध में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने प्रवेश से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं और टीम के सदस्यों से सवाल भी पूछे। टीम ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने पर जोर दिया।

विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा निरीक्षण और प्रवेश प्रचार-प्रसार की इस संयुक्त पहल को परीक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ विद्यार्थियों तक उच्च शिक्षा के अवसरों की जानकारी पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

See also  प्रेमिका के साथ कमरे में रंगरलिया मना रहे थे CO, दीवार फांदकर पहुंची पत्नी, हो गया भयंकर बवाल
error: Content is protected !!