रानीखेत में 11 अक्टूबर से सजेगा मां दुर्गा पूजा महोत्सव, 20 अक्टूबर को सांस्कृतिक शोभायात्रा के साथ होगा समापन

माँ दुर्गा पूजा महोत्सव समिति, गाँधी चौक रानीखेत की आम बैठक संपन्न।

रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। गांधी चौक स्थित मां दुर्गा पूजा महोत्सव समिति की एक महत्वपूर्ण आम बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी 23वें मां दुर्गा पूजा महोत्सव को भव्यता, श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष अजय कुमार बबली ने की।

बैठक में समिति द्वारा गत वर्ष के आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया। इसके बाद आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियों, धार्मिक कार्यक्रमों और विभिन्न प्रतियोगिताओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा महोत्सव के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

समिति के अनुसार 23वें मां दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ 11 अक्टूबर 2026 को मां दुर्गा की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के साथ होगा। इसके बाद महोत्सव के दौरान धार्मिक, सांस्कृतिक एवं प्रतियोगितात्मक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी।

12 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे अंतरविद्यालयी चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। वहीं 13 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे अंतरविद्यालयी भजन प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसी दिन सायं 6 बजे सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा।

14 अक्टूबर को सायं 6 बजे से श्री श्री 1008 मौनी महाराज जी, श्री राम मंदिर रानीखेत के सानिध्य में श्री दुर्गा सप्तशती पाठ का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक वातावरण में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

15 अक्टूबर को अपराह्न 4 बजे से श्री श्री 1008 मौनी महाराज जी के सानिध्य में 56 भोग के दिव्य दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद सायं की महाआरती संपन्न होगी और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

महोत्सव के अंतर्गत 16 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे से छात्राओं एवं महिलाओं के लिए मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं 17 अक्टूबर को सायं 8 बजे खीर महाभोग एवं पंच आरती का आयोजन होगा। समिति के अनुसार खीर महाभोग विशेष रूप से व्रतधारी श्रद्धालुओं के लिए भी उपयुक्त रहेगा।

इसके बाद 19 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे हवन, पूर्णाहुति एवं कन्या पूजन का आयोजन किया जाएगा। मां दुर्गा पूजा महोत्सव का 20 अक्टूबर को भव्य सांस्कृतिक शोभायात्रा के साथ समापन होगा।

समिति ने यह भी निर्णय लिया कि पूरे महोत्सव के दौरान प्रतिदिन प्रातः मां दुर्गा का भव्य एवं आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा, जबकि प्रतिदिन सायं 8 बजे महाआरती का आयोजन होगा। समिति पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की।

बैठक में समिति के सदस्य कैलाश पांडे, नरेश कुमार अग्रवाल, मनोज कुमार अग्रवाल, हर्षवर्धन पंत, रुकेश पटेल, सौरभ अग्रवाल, भाष्कर कपिल, नवल पांडे सहित माता रानी के अनेक भक्तगण उपस्थित रहे।

See also  पेपर लीक कांड के विरोध में कांग्रेस ने किया गया भाजपा सरकार और हाकम सिंह का पुतला दहन
error: Content is protected !!