रानीखेत में 137वें मां नंदा-सुनंदा महोत्सव की धूम, 18 सितंबर से शुरू होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं

137वें मां नंदा सुनंदा महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों व विभिन्न प्रतियोगिताओं का आगाज़।

22 सितंबर को होगा महोत्सव का मुख्य आकर्षण पारंपरिक झोड़ा प्रतियोगिता का आयोजन, 19 से 22 सितंबर तक सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुतियां देंगे आमंत्रित सांस्कृतिक दल

रिपोर्टर — बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। नगर में आयोजित होने वाले 137वें मां नंदा-सुनंदा महोत्सव के तहत शुक्रवार, 18 सितंबर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न प्रतियोगिताओं का विधिवत आगाज होगा। मां नंदा-सुनंदा सेवा समिति की ओर से आयोजित इस महोत्सव में स्कूली बच्चों, महिलाओं और स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। महोत्सव का मुख्य आकर्षण 22 सितंबर को आयोजित होने वाली पारंपरिक झोड़ा प्रतियोगिता रहेगी।

महोत्सव के सांस्कृतिक संयोजक विमल सती ने बताया कि 18 सितंबर से 22 सितंबर तक विभिन्न आयु वर्गों के लिए कला, संस्कृति और लोक परंपराओं से जुड़ी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही प्रत्येक दिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

18 सितंबर से प्रतियोगिताओं का शुभारंभ

शुक्रवार 18 सितंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से अंतरविद्यालय चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे से मेहंदी प्रतियोगिता होगी। शाम सात बजे से स्थानीय बाल कलाकार अपनी रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

19 सितंबर को लोकनृत्य और छपेली प्रतियोगिता

19 सितंबर को प्रातः मां नंदा-सुनंदा की प्राण-प्रतिष्ठा के पश्चात पूर्वाह्न 11 बजे से प्राइमरी एवं जूनियर वर्ग की अंतरविद्यालयी समूह लोकनृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। दोपहर दो बजे से महिलाओं की छपेली नृत्य प्रतियोगिता होगी। कार्यक्रम में एसएसबी के पूर्व सहायक सेनानायक दीप पांडे मुख्य अतिथि रहेंगे।

20 सितंबर को लोकनृत्य, शकुनाखर और विवाह गीत प्रतियोगिता

20 सितंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से सीनियर वर्ग की अंतरविद्यालयी लोकनृत्य प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके साथ ही शकुनाखर प्रतियोगिता भी होगी। अपराह्न दो बजे से महिलाओं की विवाह गीत प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से उत्तराखंड की पारंपरिक लोक संस्कृति और लोकगीतों को मंच प्रदान किया जाएगा।

21 सितंबर को ऐपण, उत्तराखंडी व्यंजन और फैंसी ड्रेस

महोत्सव के चौथे दिन 21 सितंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से ऐपण प्रतियोगिता आयोजित होगी। दोपहर एक बजे से उत्तराखंडी व्यंजन प्रतियोगिता होगी, जिसमें पहाड़ की पारंपरिक खान-पान संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। अपराह्न दो बजे से बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

22 सितंबर को झोड़ा प्रतियोगिता रहेगा मुख्य आकर्षण

22 सितंबर को महोत्सव का सबसे प्रमुख आयोजन पारंपरिक झोड़ा प्रतियोगिता होगा। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर एक बजे उत्तराखंडी परिधान प्रतियोगिता से होगी। इसके बाद अपराह्न दो बजे से पारंपरिक झोड़ा प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें जिला पंचायत सदस्य शांति उप्रेती मुख्य अतिथि रहेंगी।

वहीं 22 सितंबर की संध्याकालीन सांस्कृतिक संध्या में पूर्व विधायक करन माहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

संस्कृति विभाग के दल देंगे लोक संस्कृति की प्रस्तुतियां

महोत्सव को और अधिक भव्य बनाने के लिए 19 से 22 सितंबर तक आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में संस्कृति विभाग, उत्तराखंड सरकार के सौजन्य से आमंत्रित सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इन कार्यक्रमों में उत्तराखंड की लोक कला, लोकनृत्य और पारंपरिक संस्कृति की विविध झलक देखने को मिलेगी।

आयोजकों के अनुसार, नंदा-सुनंदा महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ उत्तराखंड की लोक परंपराओं, संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। पांच दिनों तक चलने वाले इन आयोजनों को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह बना हुआ है।

See also  नैनीताल में भाजपा विधायक के बेटे पर कार्रवाई, हूटर बजाने और बहस करने पर SUV सीज
error: Content is protected !!