तेज बारिश में भू-कटाव की चपेट में आया रिहायशी मकान, बाल-बाल बचा परिवार

मूसलाधार बारिश से मकान हुआ क्षतिग्रस्त ।

मकान स्वामी ने ली पड़ोसी के घर में शरण।

ग्राम प्रधान ने की आर्थिक सहायता की मांग प्रभावित परिवार को।

रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत/द्वाराहाट। विकासखंड द्वाराहाट के ग्राम जामड़ में रविवार सुबह तेज बारिश के चलते भू-कटाव होने से एक रिहायशी मकान का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया।

हादसे में मकान स्वामी ख्याली राम को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

जानकारी के अनुसार, ख्याली राम अपने परिवार के साथ इसी मकान के एक कमरे में रहते थे। मकान के एक हिस्से में रसोई भी बनाई गई थी। रविवार सुबह जब बारिश के कारण जमीन में भू-कटाव बढ़ा तो मकान की दीवार पर दबाव पड़ने लगा।

घटना के समय ख्याली राम रसोई में काम कर रहे थे। उन्हें अचानक दीवार गिरने का आभास हुआ और वह तत्काल वहां से बाहर निकल गए। उन्होंने रसोई में रखा कुछ सामान भी सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन बड़ी मात्रा में घरेलू सामान मलबे में दब गया।

मकान के गिरने के बाद प्रभावित परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। आर्थिक रूप से कमजोर ख्याली राम का परिवार फिलहाल पड़ोसी के घर में शरण लेकर रह रहा है। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान महेंद्र सिंह किरौला ने तत्काल तहसील के कंट्रोल रूम और राजस्व विभाग को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलने पर राजस्व उपनिरीक्षक मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। उन्होंने नुकसान की स्थिति की जानकारी आपदा कंट्रोल रूम तथा उपजिलाधिकारी द्वाराहाट को भी दी है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जा रही है।

ग्राम प्रधान महेंद्र सिंह किरौला ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल आर्थिक सहायता और आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि बारिश के कारण मकान क्षतिग्रस्त होने से परिवार के सामने रहने और घरेलू सामान की व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो गई है। ऐसे में प्रशासन को प्राथमिकता के आधार पर परिवार की मदद करनी चाहिए।

See also  सशस्त्र सीमा बल मुख्यालय रानीखेत मे साइबर सुरक्षा जागरूकता माह अक्टूबर-2025 शुभारंभ
error: Content is protected !!