द्वाराहाट में तीन साल से नियमित उपशिक्षा अधिकारी की तैनाती नहीं, शिक्षक संघ ने सरकार से तत्काल नियुक्ति की उठाई मांग

द्वाराहाट में तीन वर्षों से अधिक समय से नियमित उपशिक्षा अधिकारी नहीं, शिक्षक संगठन ने उठाई नियुक्ति की मांग।

अतिरिक्त प्रभार के भरोसे चल रहा विभागीय काम, प्रशासनिक कार्यों और विद्यालयों की निगरानी पर पड़ रहा असर

रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत/द्वाराहाट। विकासखंड द्वाराहाट में लंबे समय से नियमित उपशिक्षा अधिकारी की नियुक्ति नहीं होने का मामला एक बार फिर सामने आया है। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ ने सरकार से विकासखंड में तत्काल नियमित उपशिक्षा अधिकारी की नियुक्ति किए जाने की मांग की है। शिक्षक संगठन का कहना है कि तीन वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद द्वाराहाट जैसे पर्वतीय विकासखंड को नियमित उपशिक्षा अधिकारी नहीं मिलना चिंताजनक स्थिति है।

शिक्षक संघ के पदाधिकारियों के अनुसार नियमित अधिकारी के अभाव में विकासखंड के विद्यालयों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं शैक्षिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं का समयबद्ध समाधान, विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, विद्यालयों की नियमित निगरानी तथा अन्य प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में भी दिक्कतें सामने आ रही हैं।

संगठन का कहना है कि द्वाराहाट विकासखंड भौगोलिक दृष्टि से पर्वतीय और विस्तृत क्षेत्र में फैला हुआ है। यहां कई विद्यालय दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में स्थित हैं। ऐसे में विद्यालयों की व्यवस्थाओं की निगरानी और शिक्षकों से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूर्णकालिक एवं नियमित उपशिक्षा अधिकारी की मौजूदगी जरूरी है।

शिक्षक संघ ने कहा कि लंबे समय तक किसी अधिकारी को अतिरिक्त प्रभार सौंपकर विभागीय व्यवस्था संचालित करना स्थायी समाधान नहीं हो सकता। नियमित अधिकारी की तैनाती होने से विद्यालयों के प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और शिक्षकों तथा विद्यार्थियों से संबंधित मामलों का समयबद्ध निस्तारण भी सुनिश्चित हो सकेगा।

संगठन ने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से मामले का संज्ञान लेते हुए द्वाराहाट विकासखंड में तत्काल नियमित उपशिक्षा अधिकारी की नियुक्ति करने की मांग की है।

शिक्षक संघ ने उम्मीद जताई कि सरकार पर्वतीय क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और विद्यालयों की जरूरतों को देखते हुए जल्द निर्णय लेगी, जिससे विकासखंड की शैक्षिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिल सके।

See also  रानीखेत : पुलिस ने महिला से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी की कार को किया सीज
error: Content is protected !!