कांग्रेसजनों ने गांधी-शास्त्री जयंती पर रानीखेत में कांग्रेस का श्रद्धांजलि कार्यक्रम, दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपनाने का लिया संकल्प
रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को रानीखेत कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम CWC सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी करन माहरा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत गांधी पार्क, रानीखेत में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। करन माहरा सहित कांग्रेसजनों ने राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सामाजिक समरसता के विचारों को याद किया गया।
इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता सुदामापुरी स्थित शास्त्री पार्क पहुंचे, जहां पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने शास्त्री जी के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण को याद किया।
इस अवसर पर करन माहरा ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से देश को नई दिशा देने का कार्य किया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने अपने सादगीपूर्ण जीवन और दृढ़ नेतृत्व से देशवासियों के सामने सेवा और कर्तव्य का आदर्श प्रस्तुत किया। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से दोनों महान नेताओं के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।
माहरा ने कहा कि गांधी जी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के संदेश आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, वहीं शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा सार्वजनिक जीवन के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों के विचारों को केवल स्मरण करने के बजाय अपने व्यवहार और कार्यों में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष अरुण रावत, नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट, महिला जिलाध्यक्ष गीता पवार, अनुसूचित जाति जिलाध्यक्ष गुसाईं राम, महिला नगर अध्यक्ष नेहा माहरा, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज जोशी, अगस्त लाल साह, कुलदीप कुमार, कुसुम जोशी, सभासद सुंदर कुँवार्बी, अजय बबली, प्रमोद पाल, बिशन टनवाल, विजय तिवारी, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, धीरज कुमार, मुकेश वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


