रानीखेत नगर पालिका में गांधी जयंती पर भव्य कार्यक्रम, गांधी प्रतिमा का हुआ लोकार्पण; शहर को पॉलीथिन मुक्त बनाने की पहल तेज

गांधी जयंती पर पालिकाध्यक्ष ने किया बापू की प्रतिमा का अनावरण, पर्यावरण मित्रों को बांटे मेडिकल किट व पारितोषिक।

रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर रानीखेत नगर पालिका कार्यालय परिसर में श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद पालिकाध्यक्ष ने नगर पालिका परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा का विधि-विधान से लोकार्पण किया।

नगर पालिका सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने दोनों महापुरुषों के देश के प्रति योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

सुबह-शाम चलेगी कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां

गांधी जयंती के अवसर पर नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने तथा शहर को पॉलीथिन मुक्त बनाने की दिशा में नगर पालिका की ओर से विशेष पहल भी शुरू की गई। पालिकाध्यक्ष के निर्देश पर 1 अक्टूबर 2026 से नगर में सुबह और शाम दोनों पालियों में कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों का संचालन शुरू कर दिया गया है। इससे नगर के विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

पॉलीथिन के बढ़ते उपयोग पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कार्यक्रम में उपस्थित सभासदों एवं नगर पालिका कर्मचारियों को जूट के बैग वितरित किए गए। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि आने वाले दिनों में नगर के प्रत्येक वार्ड में आम जनता को भी जूट के बैग वितरित किए जाएंगे, ताकि लोगों को पॉलीथिन के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।

पर्यावरण मित्रों का किया सम्मान

कार्यक्रम में नगर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पर्यावरण मित्रों को भी सम्मानित किया गया। ‘स्वास्थ्य आरोहण योजना’ के अंतर्गत पर्यावरण मित्रों को मेडिकल किट प्रदान की गईं। इसके साथ ही पारितोषिक योजना के तहत उन्हें धनराशि देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर नगर पालिका प्रशासन की ओर से स्वच्छता कर्मियों के योगदान की सराहना की गई और शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं पॉलीथिन मुक्त बनाने के लिए सभी से सामूहिक सहयोग की अपील की गई।

कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी राजेश बुधानी, सहायक लेखाकार पूनम दोसाद, सभासद पूजा आर्या, शीला अधिकारी, आशीष पांडे, नीमा मेहरा, सुंदर सिंह कुंबार्बी, शंकर दत्त बुधोरी, मनोनीत सभासद भानु प्रताप कुंबार्बी, पूर्व सभासद नवल किशोर पांडे एवं कमला बिष्ट, एनजीओ प्रतिनिधि दीपा आर्य, सुपरवाइजर मोहित गुप्ता सहित नगर पालिका का समस्त स्टाफ, पर्यावरण मित्र, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण एवं आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से नगर पालिका ने गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और पॉलीथिन मुक्त शहर के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

See also  आईफोन, महंगा हार और 25 लाख की डिमांड; लेडी कॉनस्टेबल की ब्लैकमेलिंग से तंग आकर SHO ने की आत्महत्या?
error: Content is protected !!