रानीबाग प्रकरण को लेकर पहाड़ी समाज लामबंद, तीसरे दिन भी चला हस्ताक्षर अभियान; निष्पक्ष जांच की उठी मांग
हल्द्वानी। रानीबाग में शनि मंदिर के कथित अवैध ढांचे और अतिक्रमण के विरोध में पहाड़ी समाज का हस्ताक्षर अभियान तीसरे दिन भी जारी रहा। गुरुकुल मोड़ पर नगर अध्यक्ष कविता जीना के नेतृत्व में आयोजित अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर हस्ताक्षर किए और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई।
अभियान के दौरान जिलाध्यक्ष प्रभारी अंजू पांडेय तथा जिला उपाध्यक्ष नीमा भट्ट ने कहा कि रानीबाग में अतिक्रमण के मुद्दे को लेकर हस्ताक्षर अभियान लगातार जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह समय समाज को एकजुट होकर अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए आवाज उठाने का है।
महिला जिला अध्यक्ष प्रेमा मेर, फौजी राजेंद्र कांडपाल और आनंद कन्याल ने आरोप लगाया कि रानीबाग की भूमि को पहाड़ी समाज अपनी कुलदेवी जिया रानी से जुड़ी आस्था का स्थल मानता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में हेमंत गुप्ता की ओर से कत्युरी समाज के 49 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि इस मामले को लेकर पहाड़ी समाज के लोग लगातार नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और काठगोदाम कोतवाली में अपनी शिकायत एवं पक्ष रखने पहुंच रहे हैं, लेकिन उनकी अपेक्षा के अनुरूप सुनवाई नहीं हो रही है।
पदाधिकारियों ने पुलिस-प्रशासन पर राजनीतिक दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। हालांकि, ये आरोप संगठन पदाधिकारियों की ओर से लगाए गए हैं और इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पहाड़ी आर्मी के पदाधिकारियों ने भी मामले में राजनीतिक दबाव की आशंका जताई और प्रशासन से रानीबाग में कथित अतिक्रमण से जुड़े पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग की। संगठन का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
हस्ताक्षर अभियान के दौरान आज सैकड़ों लोगों ने अभियान के समर्थन में हस्ताक्षर किए। संगठन ने स्पष्ट किया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। पदाधिकारियों के अनुसार, आगामी दिन अभियान ब्लॉक चौराहे पर चलाया जाएगा।
इस दौरान नगर अध्यक्ष कविता जीना, उपाध्यक्ष हरेंद्र राणा, प्रदीप रौतेला, दीपा पांडेय, जिला प्रभारी अंजू पांडेय, राम पांडे, गीता बिष्ट, नीमा भट्ट, महेश भट्ट सहित पहाड़ी समाज के कई लोग मौजूद रहे।


