रानीबाग में कथित अतिक्रमण के खिलाफ पहाड़ी समाज का हस्ताक्षर अभियान पांचवें दिन भी जारी

पहाड़ी आर्मी ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई, राजनीतिक दबाव की आशंका जताई

हल्द्वानी। रानीबाग स्थित शनि मंदिर के कथित अवैध ढांचे को हटाने की मांग को लेकर पहाड़ी समाज का हस्ताक्षर अभियान पांचवें दिन भी जारी रहा। मुखानी चौराहे पर जिला मीडिया प्रभारी अंजू पांडे के नेतृत्व में आयोजित अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने हस्ताक्षर कर इस मामले में कार्रवाई की मांग उठाई।

इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रेमा मेहर, नगर अध्यक्ष कविता जीना, जिला उपाध्यक्ष नीमा भट्ट और रमा पांडे ने कहा कि रानीबाग में कथित अतिक्रमण के खिलाफ शुरू किया गया अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह समय समाज को एकजुट करने का है। संगठन का आरोप है कि धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ी भूमि पर अतिक्रमण कर लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाई जा रही है।

फौजी राजेंद्र कांडपाल और आनंद कन्याल ने कहा कि रानीबाग की भूमि को पहाड़ी समाज माता जिया रानी की कुलदेवी से जुड़ी भूमि मानता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में हेमंत गुप्ता की ओर से कत्युरी समाज के 49 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है, जिसे उन्होंने फर्जी बताया। उनका कहना था कि मामले को लेकर पहाड़ी समाज के लोग जिला पुलिस प्रशासन और काठगोदाम कोतवाली में लगातार अपनी बात रख रहे हैं, लेकिन अभी तक अपेक्षित सुनवाई नहीं हुई है।

पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि पूरे मामले में राजनीतिक दबाव की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से रानीबाग प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की। संगठन का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से होने पर मामले से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पहाड़ी आर्मी के पदाधिकारियों ने कहा कि रानीबाग में कथित अतिक्रमण के खिलाफ उनका हस्ताक्षर अभियान आगे भी जारी रहेगा। संगठन ने समाज के लोगों से अभियान में भाग लेने और अपनी मांग के समर्थन में हस्ताक्षर करने की अपील की।

हस्ताक्षर अभियान के दौरान युवा अध्यक्ष देवेंद्र सयाकोटी, विनोद नेगी, प्रदीप रौतेला, महिला प्रदेश मंत्री दीपांजलि पांडे, दीपा जीना, मृदुला मनराल, ललित मनराल, प्रदीप बिष्ट, कमल जेठी, दीपा पांडे, महेश भट्ट सहित कई लोग मौजूद रहे।

See also  हल्द्वानी की युवती के साथ लव ,सेक्स-धोखा,अश्लील वीडियो बनाकर धमकी.. जाने पूरा मामला
error: Content is protected !!