सुबौली-नागतले मोटर मार्ग का केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने किया शिलान्यास।
34.90 करोड़ की लागत से बनेगा 40.30 किमी लंबा मोटर मार्ग, क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर।
40.30 किमी लंबे मार्ग से भिकियासैंण, रानीखेत, देघाट, चौखुटिया और गैरसैंण की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत सुबौली से नागतले तक बनने वाले बहुप्रतीक्षित मोटर मार्ग का रविवार को विधिवत शिलान्यास किया गया। मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री एवं अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ सांसद अजय टम्टा ने पूजा-अर्चना के बाद रिबन काटकर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। करीब ₹34.90 करोड़ की लागत से बनने वाले 40.30 किलोमीटर लंबे इस मोटर मार्ग के निर्माण से क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर सड़क नेटवर्क विकसित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार के अवसरों तक लोगों की पहुंच भी आसान होती है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि सुबौली-नागतले मोटर मार्ग के निर्माण से लंबे समय से सड़क सुविधा की अपेक्षा कर रहे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। सड़क बनने के बाद स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को भी बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।
यह मोटर मार्ग क्षेत्र के कई प्रमुख मार्गों और कस्बों को आपस में जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके निर्माण से भिकियासैंण, रानीखेत, देघाट, चौखुटिया और गैरसैंण की ओर आवागमन करने वाले यात्रियों को समय और दूरी की बचत होगी। साथ ही क्षेत्र में धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों को भी इससे लाभ मिलने की संभावना है।
सड़क निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पादित कृषि एवं स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में भी सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों का आवागमन सुगम होने के साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग को महत्वपूर्ण बताते हुए इसके शिलान्यास पर खुशी जताई।
कार्यक्रम में रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, सल्ट विधायक महेश जीना, भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दीप पाण्डेय, दिनेश घुघतियाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सड़क निर्माण को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।


