रानीखेत में भव्य दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई मां दुर्गा की पूजा-अर्चना

नगर के गांधी चौक स्थित दुर्गा पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन धार्मिक अनुष्ठानों और विधि-विधान के साथ शुरू।

रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। नगर के गांधी चौक स्थित दुर्गा पूजा महोत्सव का भव्य शुभारंभ धार्मिक अनुष्ठानों, वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ हुआ। प्रथम नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित पूजा-अर्चना में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मां दुर्गा से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

महोत्सव के प्रथम दिन ममता कपिल एवं भास्कर कपिल ने मुख्य यजमान के रूप में पूजा-अर्चना में भाग लिया। पुरोहित विजय पांडेय, शेखर पंत, मनीष तिवारी एवं नवीन तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक मां दुर्गा की पूजा संपन्न कराई। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरा गांधी चौक भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया।

दुर्गा पूजा महोत्सव समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि नवरात्रि के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। प्रथम नवरात्र के शुभ अवसर पर गांधी चौक में सायंकालीन महाआरती रात्रि 8 बजे आयोजित की जाएगी। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

समिति के संरक्षक एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल महाआरती कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इस दौरान समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। गांधी चौक को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और नवरात्रि के दौरान यहां धार्मिक एवं सांस्कृतिक माहौल बना रहेगा। समिति की ओर से धर्मप्रेमी जनता से महाआरती में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई है, ताकि सामूहिक रूप से मां दुर्गा की आराधना कर पुण्य का लाभ प्राप्त किया जा सके।

समिति पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से महाआरती में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने तथा मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया।

See also  उच्च शिक्षा और कौशल विकास की ओर कदम: रानीखेत एवं द्वाराहाट क्षेत्र में छात्र अभिप्रेरणा कार्यक्रम संपन्न
error: Content is protected !!