जनता के अपार समर्थन से भावुक हुईं कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, कांग्रेस पर साधा निशाना; बोलीं– विपक्ष पहले अपने कार्यकाल का हिसाब दे

राजनीति का उद्देश्य पद नहीं, बल्कि है जनता की सेवा और क्षेत्र का विकास- रेखा आर्या

सोमेश्वर में धन्यवाद रैली में उमड़ा जनसैलाब, हजारों लोगों ने किया स्वागत; रेखा आर्या ने कहा– जनता का विश्वास मेरी सबसे बड़ी पूंजी, हर चुनौती के बावजूद जारी रहेगा विकास का कार्य

रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत/सोमेश्वर। विधानसभा क्षेत्र सोमेश्वर में आयोजित जनसभा एवं धन्यवाद रैली में कैबिनेट मंत्री और क्षेत्रीय विधायक रेखा आर्या को जनता का व्यापक समर्थन देखने को मिला। रैली में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, समर्थकों और मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान उमड़े जनसमूह ने मंत्री रेखा आर्या का स्वागत करते हुए उन्हें अपना स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद दिया। जनसभा में लोगों की भारी मौजूदगी देखकर रेखा आर्या भावुक नजर आईं।

जनसभा को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सोमेश्वर की जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में जिस तरह क्षेत्र की जनता ने उनके प्रति प्रेम, विश्वास और अपनत्व प्रदर्शित किया है, वह उनके लिए किसी बड़ी पूंजी से कम नहीं है। जनता का यह स्नेह और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों ने उन्हें अपनी बेटी मानकर जो सम्मान और विश्वास दिया है, वह उस भरोसे को हमेशा कायम रखने का प्रयास करेंगी।

रेखा आर्या ने कहा कि उन्होंने हमेशा क्षेत्र और प्रदेश के हितों को सर्वोपरि रखते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम किया है। सोमेश्वर विधानसभा का सर्वांगीण विकास, ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी विकास कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। रास्ते में कितनी भी चुनौतियां और बाधाएं आएं, वह जनता की सेवा के अपने संकल्प से पीछे नहीं हटेंगी।

कांग्रेस को अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए: रेखा आर्या

अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष द्वारा उनकी परिस्थितियों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने कार्यकाल के दौरान हुए कार्यों और कथित घोटालों को लेकर जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।

उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने सोमेश्वर विधानसभा और प्रदेश के विकास के लिए क्या काम किए। केवल राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप से जनता का विश्वास हासिल नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जनता विपक्ष से उसके कार्यकाल का जवाब मांग रही है।

रेखा आर्या ने कहा कि विपक्ष के सवालों और राजनीतिक बयानबाजी से उनकी जनसेवा की प्रतिबद्धता प्रभावित नहीं होगी। उनके लिए राजनीति का उद्देश्य केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना और क्षेत्र का विकास करना है। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ करती रहेंगी।

जनता का विश्वास बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता

मंत्री ने कहा कि सोमेश्वर की जनता का विश्वास उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण है। क्षेत्र की समस्याओं का समाधान, विकास योजनाओं को गति देना और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना उनका संकल्प है। उन्होंने रैली में पहुंचे सभी पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति और क्षेत्रवासियों का आभार जताते हुए कहा कि जनता का यह समर्थन उन्हें नई ऊर्जा और उत्साह के साथ काम करने की प्रेरणा देता है।

धन्यवाद रैली के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख बबली मेहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिला पंचायत सदस्य दीपक कन्नू साह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख धन सिंह रावत, सोमेश्वर मंडल अध्यक्ष सुंदर राणा, गणेश जलाल, दीपक बोरा, हरीश परिहार, जिला मंत्री वंदना आर्या, पूर्व मंडल अध्यक्ष खड़क सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष अंजलि जोशी, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष दिनेश वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष विश्व हिंदू महासंघ राजू रावत, गणेश रोतेला सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

See also  नैनीताल : वन विभाग व विद्युत विभाग कर्मचारियों द्वारा पेड़ो को काटकर विद्युत लाइन को किया गया दुरुस्त
error: Content is protected !!